यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा, मायावती ने गठबंधन पर साफ किया रुख

bsp_chief_Mayawati_1785485205334

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति साफ कर दी है। उन्होंने ऐलान किया है कि बसपा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। मायावती ने यह घोषणा लखनऊ स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पंजाब इकाई की समीक्षा बैठक के बाद की।

मायावती ने कहा कि पंजाब में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में भी बसपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तरह बिना किसी गठबंधन या समझौते के चुनाव लड़ेगी।

गठबंधन से नुकसान का मायावती ने बताया कारण

बसपा प्रमुख ने कहा कि चुनावी गठबंधन से पार्टी को सीटों और वोट प्रतिशत दोनों में नुकसान होने की आशंका रहती है। इसका असर कार्यकर्ताओं के मनोबल पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी की ओर से कर्मठ और ईमानदार लोगों को ही उम्मीदवार बनाया जाएगा।

आप, कांग्रेस और भाजपा पर साधा निशाना

मायावती ने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान है। बसपा बेहतर चुनाव परिणाम हासिल कर ऐसी जनता को राहत देने का प्रयास करेगी। उन्होंने अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत और ईमानदार उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बसपा ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की आंबेडकरवादी नीतियों के जरिए जनता के हितों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।

कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुटने का निर्देश

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से नौ अक्टूबर को बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पूरी तैयारी के साथ मनाने की अपील की। इसके अलावा 15 जनवरी 2027 को ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के अवसर पर पार्टी के आर्थिक सहयोग को पिछली बार से बेहतर बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने पिछली अखिल भारतीय बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों पर मिले फीडबैक के आधार पर संगठन की कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने को कहा। मायावती ने कार्यकर्ताओं से विरोधियों के ‘साम, दाम, दंड, भेद’ जैसे हथकंडों का मजबूती से मुकाबला करने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया।

 

एक नज़र