भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर निगरानी; सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

india_nepal_border_1757488400298
महराजगंज: शारदीय नवरात्रि, दुर्गापूजा और विजयादशमी के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महराजगंज समेत नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन, मेलों और जुलूसों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं। सीमा पर आने-जाने वालों की जांच तेज कर दी गई है, वहीं सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

सीमा पर जांच सख्त, गैरपरंपरागत रास्तों पर गश्त

विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने भारत-नेपाल सीमा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। सीमा पर तैनात सुरक्षा कर्मी जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दे रहे हैं। वहीं, गैरपरंपरागत रास्तों और पगडंडियों पर दिन-रात निगरानी की जा रही है।

जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। विसर्जन मार्गों का निरीक्षण कर रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि जुलूस शांतिपूर्वक निकाले जा सकें।

फेसबुक, एक्स और व्हाट्सएप पर भी निगरानी

प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी तेज कर दी है। फेसबुक, एक्स, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाने वालों पर सोशल मीडिया सेल नजर रख रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

इसके अलावा, ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित सीमा से अधिक शोर होने पर डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा के इंतजाम

विसर्जन जुलूसों और मेलों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत विशेष व्यवस्था की गई है। सभी क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को वाहनों में दंगा नियंत्रण उपकरण, ड्रैगन लाइट, केनशील्ड और बुलेटप्रूफ जैकेट अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहने के लिए कहा गया है। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

एसपी ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की

महराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सीमा पर सतर्कता बढ़ाने के साथ सभी थानाध्यक्षों को विसर्जन मार्गों का पैदल निरीक्षण करने और बाधाएं दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।

महराजगंज में 1,712 स्थानों पर स्थापित की गईं दुर्गा प्रतिमाएं

जिले में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन शहर से लेकर सीमा क्षेत्र तक सतर्क है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, महराजगंज में 1,712 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके अलावा, जिले में 30 से अधिक स्थानों पर रावण दहन की तैयारी है। पुलिस इन आयोजनों के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी कर रही है।

प्रशासन के अनुसार, पिछले एक महीने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शस्त्र लाइसेंस के सत्यापन समेत विभिन्न मामलों में निगरानी की गई है। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा कर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

एक नज़र