Winter Car Tips: ठंड में कार स्टार्ट करते ही न चलाएं, एक मिनट की सावधानी बचा सकती है हजारों का खर्च

l16320260102090710

नई दिल्ली: सर्दियों के मौसम में दोपहिया की बजाय कार का इस्तेमाल बढ़ जाता है, लेकिन इसी दौरान की गई एक छोटी सी लापरवाही आपकी गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। ठंड में कार स्टार्ट करते ही चलाना इंजन की सेहत के लिए ठीक नहीं माना जाता। ऑटो एक्सपर्ट्स के अनुसार, केवल एक मिनट का इंतजार न करने से इंजन की उम्र घट सकती है और रिपेयर पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।

इंजन को सबसे ज्यादा होता है नुकसान

सर्दियों में कार स्टार्ट करते ही चलाने से सबसे ज्यादा असर इंजन पर पड़ता है। इंजन के अंदर कई मूविंग पार्ट्स होते हैं, जिन्हें सुचारू रूप से काम करने के लिए सही तापमान और पर्याप्त इंजन ऑयल की जरूरत होती है। ठंडे इंजन पर अचानक लोड पड़ने से घिसाव तेजी से बढ़ता है।

कम तापमान में रहता है इंजन

ठंड के मौसम में जब कार स्टार्ट की जाती है, उस समय इंजन का तापमान काफी कम होता है। स्टार्ट होने के बाद भी कुछ समय तक इंजन ऑपरेटिंग टेम्परेचर तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे में तुरंत कार चलाने से इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जो लंबे समय में नुकसानदायक साबित होता है।

ठंडा रहता है इंजन ऑयल

सिर्फ इंजन ही नहीं, बल्कि इंजन ऑयल भी सर्दियों में गाढ़ा और ठंडा रहता है। स्टार्ट करने के बाद ऑयल को सभी इंजन पार्ट्स तक सही तरीके से पहुंचने में थोड़ा समय लगता है। अगर इससे पहले गाड़ी चला दी जाए, तो कई हिस्सों तक ऑयल सही मात्रा में नहीं पहुंच पाता।

इंजन के पार्ट्स जल्दी हो सकते हैं खराब

इंजन के भीतर मौजूद पिस्टन, सिलेंडर, क्रैंकशाफ्ट जैसे अहम पार्ट्स तभी सुरक्षित रहते हैं, जब उन्हें सही तापमान और लुब्रिकेशन मिले। ठंड में तुरंत कार चलाने से ये पार्ट्स आपस में रगड़ खाते हैं, जिससे उनका घिसाव बढ़ जाता है और वे जल्दी खराब हो सकते हैं।

क्या करें, ताकि बचे हजारों रुपये

अगर आप सर्दियों में अपनी कार की उम्र बढ़ाना चाहते हैं, तो कार स्टार्ट करने के बाद कम से कम 30 सेकंड से एक मिनट तक इंतजार जरूर करें। इससे इंजन ऑयल सभी हिस्सों तक सही ढंग से पहुंच जाता है और इंजन का तापमान भी सामान्य होने लगता है। यह छोटी सी आदत भविष्य में बड़े खर्च से आपको बचा सकती है।

एक नज़र