School Winter Vacation Update: कड़ाके की ठंड का असर, यूपी में 15 जनवरी तक स्कूल बंद, पंजाब-राजस्थान में भी बढ़ी छुट्टियां
नई दिल्ली: उत्तर भारत में पड़ रही भीषण ठंड और घने कोहरे को देखते हुए कई राज्यों ने स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियां बढ़ा दी हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान सरकारों ने स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। इन राज्यों में अलग-अलग तिथियों तक विंटर वेकेशन लागू रहेगा।
उत्तर प्रदेश में 15 जनवरी तक स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और कोहरे के चलते राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टियों को आगे बढ़ा दिया है। अब प्रदेश में नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 8 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश आईसीएसई, सीबीएसई और यूपी बोर्ड समेत सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न करने वाले स्कूलों पर नियम उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब में 8 जनवरी तक विंटर वेकेशन
उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पंजाब में भी ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने जानकारी दी है कि बढ़ती सर्दी को देखते हुए स्कूलों में विंटर वेकेशन को 1 जनवरी से 8 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। इस दौरान सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
राजस्थान में 5 जनवरी तक छुट्टियां
राजस्थान में भी शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेश में 5 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गई हैं। वहीं जयपुर में जिला कलेक्टर के आदेश के अनुसार 2 जनवरी से 10 जनवरी तक आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
कश्मीर घाटी में लंबे समय तक बंद रहेंगे स्कूल
कश्मीर घाटी में सर्दी का प्रकोप ज्यादा होने के कारण शीतकालीन अवकाश पहले ही घोषित कर दिया गया है। यहां प्री-प्राइमरी कक्षाएं 26 नवंबर से 28 फरवरी 2026 तक बंद रहेंगी। कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक बंद रहेंगे, जबकि कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं 11 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 22 फरवरी 2026 तक चलेंगी।
