OTT पर धमाका: खाल ड्रोगो और ड्रैक्स की एक्शन-कॉमेडी फिल्म ने मचाया तहलका, 7.9 रेटिंग के साथ इंडिया में कर रही ट्रेंड
हॉलीवुड एक्शन फिल्मों के शौकीनों के लिए ओटीटी पर एक जबरदस्त पेशकश सामने आई है। गेम ऑफ थ्रोन्स के खाल ड्रोगो यानी जैसन मोमोआ और मार्वल फिल्मों में ड्रैक्स के किरदार से मशहूर डेव बटीस्टा की नई फिल्म ने रिलीज होते ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। प्राइम वीडियो पर हाल ही में रिलीज हुई यह फिल्म इंडिया में तेजी से ट्रेंड कर रही है और इसे 7.9 की दमदार रेटिंग मिल चुकी है। जबरदस्त एक्शन, हल्की-फुल्की कॉमेडी और क्राइम का तगड़ा तड़का इस फिल्म को खास बनाता है। फिल्म का नाम है ‘द रैकिंग क्रू’।
सिंपल लेकिन तेज रफ्तार कहानी
फिल्म की कहानी देखने में भले ही सीधी लगे, लेकिन इसकी रफ्तार और एक्शन इसे खास बना देते हैं। कहानी की शुरुआत एक रहस्यमयी सीन से होती है, जहां नशे में नजर आ रहा एक शख्स एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में घुसकर एक अहम कागज छिपाता है और पास की दुकान से जैकेट चुरा लेता है। बाहर निकलते ही एक वैन की टक्कर से उसकी मौत हो जाती है। यहीं से कहानी नया मोड़ लेती है।
सौतेले भाइयों की एंट्री से शुरू होती है असली जंग
मृतक के दो बेटे जॉनी और जेम्स की एंट्री होती है, जो सौतेले भाई हैं और जिनका रिश्ता काफी उलझा हुआ है। एक नेवी ऑफिसर है तो दूसरा पुलिस में है। दोनों अपने पिता की मौत के पीछे की सच्चाई जानने के लिए निकल पड़ते हैं। यहीं से फिल्म एक तेज-तर्रार एक्शन क्वेस्ट में बदल जाती है, जिसमें पीछा, टकराव और जबरदस्त फाइट सीन्स देखने को मिलते हैं।
एक्शन, कॉमेडी और क्राइम का जबरदस्त कॉम्बिनेशन
‘द रैकिंग क्रू’ में एक्शन की कोई कमी नहीं है। फिल्म में क्राइम का मजबूत प्लॉट है और साथ ही हल्की-फुल्की कॉमेडी कहानी को बोझिल नहीं होने देती। तेज रफ्तार स्क्रीनप्ले के चलते फिल्म कहीं भी बोर नहीं करती और दर्शक आखिरी तक जुड़े रहते हैं।
जैसन मोमोआ और डेव बटीस्टा का नया अवतार
गेम ऑफ थ्रोन्स में खाल ड्रोगो और एक्वामैन के रूप में सुपरहीरो बन चुके जैसन मोमोआ इस बार एक शराबी और बेतरतीब लेकिन बेहद खतरनाक पुलिस ऑफिसर के रोल में नजर आते हैं। उनका यह रॉ और अनप्रेडिक्टेबल अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। वहीं मार्वल फिल्मों के लोकप्रिय किरदार ड्रैक्स निभाने वाले डेव बटीस्टा ने नेवी ऑफिसर के रोल में दमदार एक्शन से फिल्म को मजबूती दी है। दोनों स्टार्स की केमिस्ट्री और एक्शन सीक्वेंस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरते हैं।
एक्शन लवर्स के लिए परफेक्ट OTT चॉइस
अगर आप फास्ट-पेस्ड एक्शन, तगड़े फाइट सीन्स और हल्की कॉमेडी के साथ कुछ नया देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए एक परफेक्ट चॉइस साबित हो सकती है। प्राइम वीडियो पर रिलीज होते ही यह फिल्म इंडिया में ट्रेंड कर रही है और एक्शन लवर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
