VIDEO: ‘हम शेर बच्चे हैं…’ नन्ही अनाबी की कविता सुन भावुक हुए CM योगी, मुस्कराकर बोले—इसका एडमिशन करवाओ

cm-yogi-1770034169 (1)

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में उस वक्त भावुक और यादगार पल देखने को मिला, जब एक मासूम बच्ची ने अपनी तोतली आवाज़ में कविता सुनाकर सबका दिल जीत लिया। बच्ची की मासूम फरमाइश और आत्मविश्वास भरे अंदाज़ ने मुख्यमंत्री को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को उसका स्कूल में एडमिशन कराने के निर्देश दे दिए।

‘मेरा एडमिशन करा दीजिए…’ मासूम की बात पर मुस्कराए CM योगी
लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान अपनी मां के साथ आई एक नन्ही बच्ची ने मासूमियत से कहा, “मेरा एडमिशन करा दीजिए।” यह सुनते ही मुख्यमंत्री मुस्करा उठे और प्यार से पूछा कि किस क्लास में पढ़ना चाहती हो। बच्ची ने तपाक से जवाब दिया—“नर्सरी में, सर।”

ABCD और कविता सुनाकर जीता दिल
मुख्यमंत्री ने जब पूछा कि क्या रोज स्कूल जाओगी, तो बच्ची ने पूरे आत्मविश्वास से ‘हां’ कहा। इसके बाद उसने A, B, C, D सुनाए और फिर एक कविता सुनाई—“हम शेर बच्चे, शेर बच्चे हैं, हम छोटे हैं तो क्या हुआ, हम दिल के सच्चे हैं।” नन्ही बच्ची की यह कविता सुनकर मुख्यमंत्री योगी बेहद खुश हुए।

‘इसका एडमिशन करवाओ’—CM का तत्काल निर्देश
बच्ची की मासूम प्रस्तुति से प्रभावित मुख्यमंत्री ने पास खड़े अधिकारी से तुरंत कहा कि इसका एडमिशन कराया जाए। इसके बाद उन्होंने बच्ची को चॉकलेट भी दी और आशीर्वाद दिया। यह पल जनता दर्शन में मौजूद लोगों के लिए भी भावुक कर देने वाला रहा।

कौन है नन्ही अनाबी अली?
जनता दर्शन में आई इस बच्ची का नाम अनाबी अली है, जो लखनऊ की रहने वाली है। कार्यक्रम के बाद अनाबी ने बताया कि वह अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने आई थी, क्योंकि उसे लोरेटो स्कूल में एडमिशन चाहिए था। अनाबी ने खुशी-खुशी कहा कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि उसका एडमिशन हो जाएगा।

एक और बच्ची ने किया सैल्यूट, CM ने दिया आशीर्वाद
जनता दर्शन के दौरान एक अन्य बच्ची ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सैल्यूट किया। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे आशीर्वाद देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। कार्यक्रम में मौजूद सभी बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट दी और पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

इलाज के लिए मांगी मदद, CM ने तुरंत दिया आदेश
जनता दर्शन में एक महिला अपने बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज रुकने नहीं दिया जाएगा।

 

एक नज़र