इटली में Special Olympics Snowshoeing में अयोध्या के वासु तिवारी का परचम, लखनऊ में राज्यमंत्री ने किया सम्मानित
लखनऊ। अयोध्या के रहने वाले 32 वर्षीय दिव्यांग खिलाड़ी वासु तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मार्च 2025 में इटली के ट्यूरिन शहर में आयोजित स्पेशल ओलंपिक स्नोशूइंग प्रतियोगिता में वासु तिवारी ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए।
50 मीटर में गोल्ड, 25 मीटर में सिल्वर जीतकर रचा इतिहास
स्पेशल ओलंपिक स्नोशूइंग में वासु तिवारी ने 50 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 25 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि को दिव्यांग खेल जगत में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पीएम मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कर चुके हैं सम्मानित
वासु तिवारी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पहले ही संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उन्हें सम्मानित कर चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद लगातार उन्हें सम्मान मिल रहा है।
लखनऊ में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने पहनाया मेडल
रविवार को पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने लखनऊ स्थित अपने आवास पर वासु तिवारी को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने वासु के साहस, अनुशासन और कठिन परिश्रम की जमकर सराहना की।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बने वासु तिवारी
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि वासु तिवारी जैसे खिलाड़ी दिव्यांग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा और जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी मुलाकात कराई जाएगी।
हिमाचल में हुआ प्रशिक्षण, कोच और संस्थान का अहम योगदान
वासु तिवारी ने बताया कि उनका प्रशिक्षण हिमाचल प्रदेश के नारकंडा में हुआ। इस सफलता में जीवन धारा पुनर्वास केंद्र, बरेली के साथ-साथ कोच आकाश सक्सेना और शिवा का अहम योगदान रहा है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह मुकाम हासिल किया।
