यूपी में PUBG खेलते वक्त युवक की दिमाग की नस फटी, इलाज के दौरान 22 वर्षीय कैफ की मौत से हड़कंप

meerut-news-(5)-1770592256764_v

मेरठ। उत्तर प्रदेश में मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने के खतरे एक बार फिर सामने आए हैं। मेरठ में PUBG खेलते समय 22 साल के युवक की दिमाग की नस फट गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि ऑनलाइन गेमिंग को लेकर नई चिंता भी खड़ी कर दी है।

ऑफिस में PUBG खेलते वक्त अचानक बिगड़ी तबीयत
मामला मेरठ के खैरनगर इलाके की गूलर वाली गली का है। यहां रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद फारुख के बेटे मोहम्मद कैफ शुक्रवार को अपने ऑफिस में बैठकर मोबाइल पर ऑनलाइन गेम PUBG खेल रहा था। गेम खेलते समय उसने कानों में लीड लगा रखी थी। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा।

बीपी 300 पार, हालत देख डॉक्टरों ने किया रेफर
ऑफिस में मौजूद लोगों ने तुरंत कैफ के परिजनों को सूचना दी और उसे पास के डॉक्टर के पास ले जाया गया। जांच में सामने आया कि उसका ब्लड प्रेशर 300 से ज्यादा था। हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल होप नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया।

सफदरजंग अस्पताल में दो दिन चला इलाज, नहीं बच सकी जान
परिजन कैफ को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि अत्यधिक ब्लड प्रेशर के कारण उसके दिमाग की नस फट गई थी और अंदरूनी रक्तस्राव हो रहा था। लगातार दो दिन तक चले इलाज के बावजूद रविवार सुबह कैफ ने दम तोड़ दिया।

घर का इकलौता बेटा था कैफ, परिवार में मातम
कैफ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन उसका शव लेकर घर पहुंचे और शाम को उसे सिपुर्द-ए-खाक किया गया। कैफ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी एक बहन है।

पहले से थी ब्लड प्रेशर की बीमारी
परिजनों के मुताबिक, कैफ को पहले से ब्लड प्रेशर की समस्या थी। करीब दस साल पहले भी उसका बीपी काफी बढ़ गया था, जिसके बाद से उसका नियमित इलाज चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि PUBG गेम खेलते वक्त तनाव और उत्तेजना के कारण उसका ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ गया, जिससे ब्रेन हेमरेज हो गया।

मोबाइल और ऑनलाइन गेमिंग की लत
परिवार ने बताया कि कैफ मोबाइल पर काफी एक्टिव रहता था। ऑनलाइन गेम खेलने के साथ-साथ वह वीडियो रील भी बनाता था। स्वजन उसे बार-बार मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह देते थे, लेकिन वह नहीं मानता था।

पुलिस ने नहीं दी कोई आधिकारिक जानकारी
इस मामले में जब दिल्ली गेट थाना पुलिस से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो इंस्पेक्टर ने किसी भी तरह की सूचना या जानकारी से इनकार किया।

 

एक नज़र