America-Iran Tensions: युद्ध के संकेतों के बीच इस देश ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, नागरिकों से कहा- तुरंत ईरान छोड़ें
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि किसी भी वक्त सैन्य टकराव हो सकता है। इसी बीच कई रिपोर्ट्स में यह आशंका जताई जा रही है कि ईरान पर हमला हो सकता है, जिसमें अमेरिका और इजरायल की सेनाएं संयुक्त रूप से कार्रवाई कर सकती हैं। क्षेत्र में बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए कई देश अपने नागरिकों को ईरान से सुरक्षित निकालने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।
ईरान छोड़ने की सख्त चेतावनी
इसी कड़ी में पोलैंड ने अपने नागरिकों के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने ईरान में रह रहे सभी पोलिश नागरिकों से तुरंत देश छोड़ने की अपील की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और समय रहते निकलना बेहद जरूरी है।
घंटों में भी मुश्किल हो सकता है बाहर निकलना
प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने चेताया कि हथियारों से लैस संघर्ष की स्थिति बन सकती है, ऐसे में कुछ ही घंटों के भीतर ईरान से बाहर निकलना भी संभव नहीं हो पाएगा। उन्होंने अपने नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “कृपया तुरंत ईरान छोड़ दें और किसी भी स्थिति में वहां की यात्रा न करें।”
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी चिंता
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंकाओं के बीच यह चेतावनी हालात की गंभीरता को दर्शाती है। आने वाले दिनों में अन्य देशों की ओर से भी इसी तरह की ट्रैवल एडवाइजरी जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
