2026 की लड्डू मार होली और लठमार होली कब है? जानिए ब्रज होली का पूरा शेड्यूल

Holi-Celebration_V_jpg--1280x720-4g

Lathmar Holi Kab Hai 2026: हिंदू धर्म में होली का पर्व बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को उत्साह से भर देता है। फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह रंगों का त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन ब्रज क्षेत्र की होली की बात ही अलग होती है। यहां की परंपराएं, रीति-रिवाज और उत्सव देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं।

ब्रज में होली की शुरुआत वसंत पंचमी से ही मानी जाती है, जो साल 2026 में 23 जनवरी से शुरू हो चुकी है। इसके बाद धीरे-धीरे बरसाना, नंदगांव, वृंदावन और गोकुल में अलग-अलग अंदाज की होली खेली जाती है, जिनमें लड्डू मार और लठमार होली सबसे ज्यादा चर्चा में रहती हैं।

बरसाना और नंदगांव की अनोखी होली
बरसाना और नंदगांव में खेली जाने वाली होली आम रंगों से नहीं, बल्कि लड्डुओं और लाठियों के साथ मनाई जाती है। लड्डू मार होली के दौरान भक्तों और श्रद्धालुओं पर लड्डुओं की बारिश की जाती है, जो इसे एक अलग ही पहचान देती है। यही कारण है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग इस अनोखी होली को देखने ब्रज पहुंचते हैं।

कब खेली जाएगी लड्डू मार होली 2026 में
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, साल 2026 में बरसाना स्थित श्रीराधा रानी मंदिर में 25 फरवरी को लड्डू मार होली मनाई जाएगी। इसके अगले दिन यानी 26 फरवरी को बरसाना में ही लठमार होली खेली जाएगी। इन दोनों दिनों में ब्रज का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्सव से भरा रहता है।

लड्डू मार होली की शुरुआत कैसे हुई
पौराणिक कथाओं के अनुसार, लड्डू मार होली की परंपरा द्वापर युग से जुड़ी मानी जाती है। कथा के अनुसार, श्रीराधा रानी के पिता वृषभानु जी ने भगवान श्रीकृष्ण को नंदगांव से बरसाना आकर होली खेलने का निमंत्रण भेजा था। भगवान श्रीकृष्ण ने इस आमंत्रण को स्वीकार किया और संदेश लेकर एक पंडा को बरसाना भेजा।

जब बरसाना में यह समाचार पहुंचा कि भगवान श्रीकृष्ण होली खेलने आने वाले हैं, तो गोपियां खुशी से झूम उठीं। आनंद और उत्साह में गोपियों ने पंडा पर लड्डू फेंकने शुरू कर दिए और पंडा ने भी गोपियों पर लड्डू बरसाए। मान्यता है कि तभी से लड्डू मार होली की परंपरा शुरू हुई, जो आज भी पूरे उल्लास के साथ निभाई जाती है।

ब्रज होली 2026 का पूरा शेड्यूल
25 फरवरी – बरसाना में लड्डू मार होली
26 फरवरी – बरसाना में लठमार होली
27 फरवरी – नंदगांव में लठमार होली
28 फरवरी – वृंदावन में फूलों की होली
01 मार्च – गोकुल में छड़ी मार होली
02 मार्च – गोकुल में होली उत्सव
03 मार्च – होलिका दहन
04 मार्च – रंगों की होली

 

एक नज़र