अब सिर्फ 55 मिनट में दिल्ली से मेरठ का सफर, पीएम मोदी आज देंगे ‘नमो भारत रैपिड ट्रेन’ की सौगात
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के मेरठ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब ₹12,930 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दोपहर साढ़े 12 बजे प्रधानमंत्री शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
मेरठ मेट्रो में करेंगे सफर, जनसभा को भी करेंगे संबोधित
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो में सफर करेंगे और परियोजना का जायजा लेंगे। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे वह विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां क्षेत्रीय विकास, शहरी परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किए जाने की संभावना है।
दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर देश को होगा समर्पित
प्रधानमंत्री 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को भी देश को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही भारत की पहली नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के शेष बचे खंडों का उद्घाटन किया जाएगा। इनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर लंबा सेक्शन शामिल है।
तेज रफ्तार से जुड़ेंगे बड़े शहरी केंद्र
180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत रैपिड ट्रेन देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है। इसके संचालन से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र सीधे दिल्ली से तेज और आधुनिक रेल नेटवर्क के जरिए जुड़ जाएंगे। इससे यात्रियों को महज 55 मिनट में दिल्ली से मेरठ तक का सफर पूरा करने की सुविधा मिलेगी।
