नेपाल चुनाव से पहले भड़की हिंसा: पर्सा जिला और रौतहट जिला में कर्फ्यू, श्रीपुर विवाद से सीमा तक अलर्ट

Nepal-police-1-1771827091773_v (1)

नेपाल में आम चुनाव से पहले सुरक्षा हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। भारत-नेपाल सीमा से सटे वीरगंज महानगरपालिका के श्रीपुर इलाके में रविवार देर शाम दो समुदायों के बीच मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। हालात संभालने के लिए नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की भारी तैनाती की गई है और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भीड़ ने पुलिस घेरा तोड़ने की कोशिश की, जिस पर हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन माहौल अब भी संवेदनशील है।

सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार
वीरगंज पुलिस ने श्रीपुर वार्ड नंबर-11 से दो युवकों को सामाजिक सद्भाव भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी हरिबहादुर बस्नेत के अनुसार मस्जिद के पास खड़े स्थानीय युवकों के साथ बिना कारण मारपीट की घटना से शांति व्यवस्था प्रभावित हुई। पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

चार घायल, मुख्य आरोपी की तलाश तेज
हिंसा में ललन महतो, अमर महतो और धीरज साह सहित चार लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज नारायणी अस्पताल में चल रहा है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस के अनुसार घटना में एक राजनीतिक नेता का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

गौर नगरपालिका में डीजे विवाद बना दंगा, वाहन जलाया
दूसरी घटना रौतहट जिले के सबगढ़ा गांव में सामने आई, जहां शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ में बदल गया। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी आग के हवाले कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार दोपहर एक बजे से पूरे नगरपालिका क्षेत्र में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है और सभा, जुलूस, रैली व नारेबाजी पर रोक लगा दी गई है। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

सीमा पर सुरक्षा कड़ी, आवाजाही सीमित
तनाव को देखते हुए सीमा क्षेत्र में तैनात सशस्त्र सीमा बल ने बैरगनिया–गौर बॉर्डर पर बैरियर लगाकर आवाजाही नियंत्रित कर दी है। नेपाल के नागरिकों को नेपाल लौटने और भारतीय नागरिकों को भारत आने की अनुमति दी जा रही है, जबकि बीमार और आपातकालीन परिस्थितियों में विशेष छूट दी जा रही है।

5 मार्च को मतदान, एजेंसियां हाई अलर्ट पर
नेपाल में प्रतिनिधि सभा के आम चुनाव 5 मार्च 2026 को प्रस्तावित हैं। आधिकारिक प्रचार 16 फरवरी से शुरू होकर 2 मार्च की मध्यरात्रि तक चलेगा। चुनाव से पहले सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में बढ़ते तनाव ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

 

एक नज़र