‘Splitsvilla 7’ फेम मयंक पवार का निधन, फिटनेस वर्ल्ड में शोक की लहर, फैंस सदमे में
रियलिटी टीवी और फिटनेस इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर सामने आई है। MTV Splitsvilla के चर्चित और शालीन कंटेस्टेंट मयंक पवार का निधन हो गया है। इस खबर की पुष्टि उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए की गई, जिसके बाद से फैंस और फिटनेस समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। अचानक आई इस खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है और लोग उनके निधन की वजह जानना चाह रहे हैं।
इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा गया, “एक भाई, एक चैंपियन, एक मेंटर और कई लोगों के लिए प्रेरणा। मयंक पवार हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।” मयंक ने न सिर्फ रियलिटी शो में अपनी पहचान बनाई थी, बल्कि फिटनेस की दुनिया में भी बड़ा नाम कमाया था। वे सात बार ‘मिस्टर इंडिया’ का खिताब जीत चुके थे और एक बार इस प्रतियोगिता के पूर्ण विजेता भी रहे थे। एक सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर के तौर पर उन्होंने कई युवाओं को प्रेरित किया। उनकी दमदार काया और अनुशासित जीवनशैली अक्सर चर्चा में रहती थी।
हालांकि, उनके निधन के सटीक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। उनके सम्मान में 25 फरवरी 2026, बुधवार को शाम 5 से 6 बजे के बीच राणा प्रताप बाग के संगम पार्क स्थित वाल्मीकि मंदिर में शोक सभा आयोजित की जाएगी।
सोशल मीडिया पर उमड़ा दुख, फिटनेस पर भी उठे सवाल
मयंक के निधन की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। फैंस लगातार भावुक पोस्ट साझा कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “कुछ दिन पहले ही मैं स्प्लिट्सविला 7 में उनकी जर्नी देख रहा था, यकीन नहीं हो रहा कि वो अब हमारे बीच नहीं हैं। पूरे सीजन में उनसे ज्यादा नेक इंसान नहीं देखा।”
कुछ यूजर्स ने फिटनेस सप्लीमेंट्स और स्टेरॉयड के संभावित खतरों पर भी चिंता जताई। एक अन्य कमेंट में लिखा गया, “सिर्फ बाहर से मस्कुलर दिखना हेल्दी होने की गारंटी नहीं है… ज्यादा सप्लीमेंट और स्टेरॉयड शरीर को अंदर से नुकसान पहुंचा सकते हैं।” हालांकि इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जब एलिमिनेशन पर रो पड़ी थीं सनी लियोनी
‘स्प्लिट्सविला 7’ के दौरान मयंक अपनी सादगी और शांत स्वभाव के कारण काफी लोकप्रिय थे। शो में उनका एलिमिनेशन एक बेहद भावुक पल बन गया था। शो की होस्ट Sunny Leone उस वक्त अपने आंसू नहीं रोक पाई थीं और उन्होंने मयंक को गले लगाकर विदाई दी थी। यह पल शो के इतिहास के सबसे भावुक क्षणों में गिना जाता है।
इतना ही नहीं, सख्त मिजाज के लिए जाने जाने वाले होस्ट Nikhil Chinappa ने भी नियमों को दरकिनार कर मयंक को गले लगाया था। मयंक अपने ‘पाउट’, फिट बॉडी और मासूमियत के लिए याद किए जाते थे।
फिलहाल, सनी लियोनी और निखिल चिनप्पा की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मयंक पवार का असमय जाना उनके परिवार, दोस्तों और फिटनेस समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है।
