Post Office MIS: पत्नी के साथ खोलें जॉइंट खाता, 7.4% ब्याज के साथ हर महीने पाएं तय आय
नई दिल्ली। अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ हर महीने फिक्स इनकम चाहते हैं तो डाकघर की मंथली इनकम स्कीम आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है। पोस्ट ऑफिस की इस योजना में एकमुश्त निवेश पर 5 साल तक हर महीने ब्याज मिलता है। खास बात यह है कि आप अपनी पत्नी या परिवार के किसी सदस्य के साथ जॉइंट अकाउंट खोलकर ज्यादा रकम निवेश कर सकते हैं और ज्यादा मासिक आय प्राप्त कर सकते हैं।
7.4% सालाना ब्याज, 5 साल तक फिक्स रिटर्न
India Post की मंथली इनकम स्कीम (MIS) पर फिलहाल 7.4 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। इस योजना में निवेशक को सिर्फ एक बार पैसा जमा करना होता है और इसके बाद हर महीने ब्याज की राशि खाते में ट्रांसफर होती रहती है। यह स्कीम 5 साल की अवधि के लिए होती है। चूंकि यह केंद्र सरकार द्वारा संचालित बचत योजना है, इसलिए निवेश पूरी तरह सरकारी गारंटी के दायरे में आता है।
जॉइंट अकाउंट में 15 लाख तक निवेश का विकल्प
इस योजना के तहत न्यूनतम 1000 रुपये से खाता खोला जा सकता है। सिंगल अकाउंट में अधिकतम 9 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं, जबकि जॉइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपये तक निवेश संभव है। जॉइंट अकाउंट में अधिकतम तीन लोगों के नाम जोड़े जा सकते हैं।
अगर पति-पत्नी मिलकर जॉइंट अकाउंट में 15 लाख रुपये निवेश करते हैं, तो 7.4% वार्षिक ब्याज के हिसाब से उन्हें हर महीने अधिकतम 9,250 रुपये तक की फिक्स आय मिल सकती है। यह रकम सीधे आपके बचत खाते में जमा की जाती है।
ब्याज और मैच्योरिटी राशि सीधे खाते में ट्रांसफर
एमआईएस से मिलने वाला मासिक ब्याज सीधे लिंक्ड खाते में ट्रांसफर कर दिया जाता है। योजना की मैच्योरिटी पूरी होने पर निवेश की मूल राशि भी खाते में वापस कर दी जाती है। ध्यान रहे कि इस योजना में खाता खोलने के लिए पोस्ट ऑफिस में सेविंग्स अकाउंट होना अनिवार्य है।
जो लोग सुरक्षित और नियमित आय का विकल्प तलाश रहे हैं, उनके लिए पोस्ट ऑफिस की यह योजना कम जोखिम के साथ स्थिर रिटर्न देने वाली मानी जाती है।
