The Kerala Story 2 Box Office Collection: विवादों के साए में रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी 2’ की दमदार ओपनिंग, पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर मचाया हलचल
केरल हाई कोर्ट से रिलीज की मंजूरी मिलने के बाद फिल्म The Kerala Story 2: Goes Beyond तय तारीख 27 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई और पहले ही दिन टिकट खिड़की पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी। रिलीज से पहले उठे विवादों और कानूनी अड़चनों के बीच निर्माता Vipul Amrutlal Shah ने साफ किया था कि फिल्म किसी राज्य या उसके लोगों को निशाना नहीं बनाती। रिलीज के बाद जहां फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला, वहीं कमाई के आंकड़ों ने अलग ही कहानी बयां की।
द केरल स्टोरी 2 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 1
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 3.5 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया। वहीं वर्ल्डवाइड ग्रॉस 4.15 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। 28 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म से वीकेंड पर कमाई में और उछाल की उम्मीद जताई जा रही है।
‘अस्सी’ और ‘दो दीवाने सहर में’ को छोड़ा पीछे
ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में फिल्म ने तापसी पन्नू स्टारर Assi और सिद्धांत चतुर्वेदी-मृणाल ठाकुर की Do Deewane Shehar Mein को पीछे छोड़ दिया। ‘अस्सी’ ने पहले दिन 1 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी और 8 दिनों में भी 10 करोड़ का आंकड़ा पार नहीं कर सकी। फिल्म अब तक 7.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही कर पाई है। वहीं ‘दो दीवाने सहर में’ ने 1.25 करोड़ रुपये से शुरुआत की और अब तक 6.8 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की है। ऐसे में ‘द केरल स्टोरी 2’ ने पहले दिन ही मुकाबले में बढ़त बना ली है।
कास्ट, कहानी और निर्देशन
‘द केरल स्टोरी 2’ साल 2023 में रिलीज हुई The Kerala Story का सीक्वल है, जिसका निर्देशन Sudipto Sen ने किया था। पहली फिल्म ने 20 करोड़ रुपये के बजट में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था और 8.03 करोड़ रुपये की ओपनिंग हासिल की थी।
सीक्वल का निर्देशन Kamakshya Narayan Singh ने किया है, जबकि निर्माता विपुल अमृतलाल शाह हैं। फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। कहानी एक बार फिर ‘जबरन धर्म परिवर्तन’ जैसे संवेदनशील विषय के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें दिखाया गया है कि किस तरह लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनका ब्रेनवॉश किया जाता है और धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है।
फिलहाल सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि विवादों के बीच शुरू हुई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का घोड़ा साबित होती है या नहीं।
