ट्रैफिक के बीच मां का ममत्व: ऑटो रोककर बेटी को खिलाया खाना, महिला ड्राइवर का वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक महिला ऑटो चालक का वीडियो लोगों का दिल छू रहा है। व्यस्त सड़क और ट्रैफिक के बीच काम कर रही यह मां अपनी छोटी बेटी की देखभाल जिस तरह कर रही है, उसे देखकर लोग भावुक हो रहे हैं। वीडियो में दिखाई देता है कि महिला सड़क किनारे अपना ऑटो रोकती है और बेहद प्यार से अपनी बेटी को खाना खिलाने लगती है। यह दृश्य दिखाता है कि जिम्मेदारियों और संघर्षों के बीच भी मां का स्नेह और समर्पण कभी कम नहीं होता।
वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्ची ड्राइवर सीट के ठीक बगल में एक छोटे और सुरक्षित सीट पर बैठी हुई है। मां ऑटो रोककर उसे आराम से खाना खिला रही है। एक राहगीर ने इस भावुक पल को देखा और अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और हजारों लोग इस मां की मेहनत और समर्पण की सराहना करने लगे।
During a busy day, an auto driver (a mother) stops her auto to feed her little daughter.
Love the way she secured her little one😍
Mother’s love can overcome all hurdles. pic.twitter.com/oBrgUXwsLo
— Tathvam-asi (@tathvamasi6) March 5, 2026
वीडियो ने जीते सोशल मीडिया यूजर्स के दिल
वीडियो साझा करते हुए कैप्शन में लिखा गया कि व्यस्त दिन के बीच एक ऑटो ड्राइवर मां अपनी बच्ची को खाना खिलाने के लिए ऑटो रोकती है। जिस तरह उसने अपनी बेटी के बैठने के लिए सुरक्षित जगह बनाई है, वह काबिल-ए-तारीफ है। मां का प्यार हर मुश्किल को पार कर सकता है।
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह सचमुच कमाल की मां है। कुछ लोग कहते हैं कि बच्चों को केवल घर का बना खाना देना चाहिए और मां को हमेशा घर पर रहना चाहिए, वरना उसे अच्छी मां नहीं माना जाता। लेकिन यह महिला अपने पास मौजूद साधनों से अपनी बेटी के लिए सबसे अच्छा करने की कोशिश कर रही है और उसे जिंदगी का सामना करना सिखा रही है।
लोगों ने मां के संघर्ष को बताया प्रेरणादायक
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक अन्य यूजर ने लिखा कि हर किसी की जिंदगी आसान नहीं होती। कोई महंगी कार, महंगे फोन या विदेश यात्रा न मिलने पर दुखी होता है, लेकिन हमें ऐसे परिवारों से सीखना चाहिए जो सीमित संसाधनों में भी अपने बच्चों के लिए संघर्ष करते हैं।
एक और यूजर ने लिखा कि भारतीय मांओं के प्यार को कोई नहीं रोक सकता। वहीं किसी ने टिप्पणी की कि मां भगवान के बाद सबसे बड़ी होती है और वह जिंदगी में कई भूमिकाएं एक साथ निभा लेती है। यही वजह है कि यह छोटा सा वीडियो लोगों के दिलों को छू गया और तेजी से वायरल हो गया।
