Middle East Tensions: गैस संकट के बीच घर में कितने LPG सिलेंडर रखना है कानूनी? नियम तोड़ने पर हो सकती है सख्त कार्रवाई

2026_3image_05_37_17242995700-ll

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता गहराती जा रही है। ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी टकराव का असर भारत समेत कई देशों पर महसूस किया जा रहा है। हालात तब और संवेदनशील हो गए जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ गया। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का बेहद अहम रास्ता माना जाता है और इसी मार्ग से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल तथा गैस एशियाई देशों तक पहुंचती है।

हालांकि इसी रास्ते से भारत के दो जहाज सुरक्षित गुजर चुके हैं और ईरान ने यह भी स्पष्ट किया है कि अमेरिका, इजरायल और उनके समर्थक देशों को छोड़कर अन्य देशों के लिए यह मार्ग खुला रहेगा। इसके बावजूद गैस सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता बढ़ने लगी है और कई उपभोक्ता एहतियात के तौर पर घरों में एलपीजी सिलेंडर जमा करने लगे हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि नियमों के अनुसार घर में कितने एलपीजी सिलेंडर रखना कानूनी है।

घर में एलपीजी सिलेंडर रखने के क्या हैं नियम

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलेंडर रखने से जुड़े कुछ तय नियम हैं। अगर इन नियमों का पालन नहीं किया जाता है तो उपभोक्ताओं को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए गैस सिलेंडर रखने और इस्तेमाल करने से पहले इन नियमों को जानना जरूरी है।

एक पते पर दो कंपनियों का कनेक्शन नहीं

नियमों के मुताबिक अगर किसी घर में पहले से किसी गैस कंपनी का कनेक्शन मौजूद है तो उसी पते पर दूसरी कंपनी का नया कनेक्शन लेना नियमों के खिलाफ माना जाता है। यानी एक ही पते पर अलग-अलग कंपनियों के कई गैस कनेक्शन लेना नियमों का उल्लंघन है।

घर में अधिकतम दो सिलेंडर रखने की अनुमति

घरेलू इस्तेमाल के लिए सामान्य तौर पर एक पते पर अधिकतम दो एलपीजी सिलेंडर रखने की अनुमति होती है। इसमें एक सिलेंडर रसोई में उपयोग के लिए और दूसरा रिजर्व के तौर पर रखा जा सकता है, ताकि पहला सिलेंडर खत्म होने पर तुरंत दूसरा इस्तेमाल किया जा सके। अगर किसी घर में दो से ज्यादा सिलेंडर पाए जाते हैं तो इसे नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में रखा जा सकता है।

साल में कितने सिलेंडर बुक कर सकते हैं

घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सालाना सिलेंडर बुकिंग की भी एक सीमा तय होती है। आम तौर पर एक परिवार साल में अधिकतम 15 एलपीजी सिलेंडर बुक कर सकता है। इससे ज्यादा सिलेंडर लेने की स्थिति में जांच की जा सकती है।

कब मानी जाती है गैस की जमाखोरी

अगर कोई घरेलू उपभोक्ता बिना अनुमति के दो से ज्यादा या 40 किलोग्राम से अधिक एलपीजी घर में स्टोर करता है तो इसे नियमों के तहत जमाखोरी माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। जमाखोरी साबित होने पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है और गैस कनेक्शन रद्द किया जा सकता है। बड़ी मात्रा में गैस की जमाखोरी पाए जाने पर 3 साल से लेकर 7 साल तक की सजा का भी प्रावधान है।

सरकार ने कहा – गैस सप्लाई को लेकर घबराने की जरूरत नहीं

मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण हाल के दिनों में एलपीजी सिलेंडर बुकिंग को लेकर लोगों में घबराहट देखी जा रही है। कई लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में तेल और गैस की सप्लाई बंद नहीं होगी और न ही इसमें कमी आने दी जाएगी। सरकार का कहना है कि अगर किसी एक समुद्री मार्ग से सप्लाई प्रभावित होती है तो दूसरे रास्तों से तेल और गैस लाने की व्यवस्था पहले से तैयार रखी गई है। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इसी मार्ग से भारत के लिए दो जहाज पहुंचेंगे, जिससे गैस और तेल को लेकर बनी चिंता और अफरा-तफरी की स्थिति सामान्य हो जाएगी।

 

एक नज़र