जंग के बीच भारत की बड़ी राहत: ‘शिवालिक’ जहाज शाम 5 बजे पहुंचेगा, ईरान से 550 भारतीय सुरक्षित निकाले गए
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलपीजी लेकर खाड़ी देशों से आ रहा भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ युद्ध प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित निकलकर भारतीय जल क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है और अनुमान है कि यह शाम करीब पांच बजे तक भारत पहुंच जाएगा। जहाज कुछ समय पहले होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास फंसा हुआ था। शिपिंग मंत्रालय ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। वहीं विदेश मंत्रालय ने बताया कि ईरान से 550 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
होर्मुज जलडमरूमध्य सुरक्षित पार, जल्द होगा कार्गो अनलोड
शिपिंग मंत्रालय के अनुसार एलपीजी लेकर आ रहा भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर चुका है और तय समय के अनुसार शाम तक भारत पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि जहाज के पहुंचते ही कार्गो उतारने की प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं होगी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि युद्ध प्रभावित क्षेत्र के आसपास अभी कई जहाज एहतियात के तौर पर रुके हुए हैं। जानकारी के मुताबिक 22 जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी हिस्से में खड़े हैं। वहीं कच्चा तेल लेकर संयुक्त अरब अमीरात से रवाना हुआ ‘जग लाडकी’ नाम का जहाज भी सुरक्षित रूप से भारत की ओर बढ़ रहा है और इसके कल मुंद्रा बंदरगाह पहुंचने की संभावना है। एलपीजी लेकर आ रहा भारतीय जहाज ‘नंदा देवी’ भी कल कांडला बंदरगाह पर पहुंचने वाला है।
ईरान से 550 भारतीय सुरक्षित निकाले गए
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि ईरान से 550 भारतीय नागरिकों को जमीनी सीमा के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला गया है और वे आर्मेनिया के लिए रवाना हो चुके हैं। इनमें से 234 लोग धार्मिक यात्रा पर गए हुए थे। इसके अलावा करीब 90 भारतीय अज़रबैजान के रास्ते भारत लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने इन नागरिकों की आवाजाही को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाई। दूतावास ने वीजा और जरूरी आव्रजन औपचारिकताओं में भी उनकी मदद की। कठिन परिस्थितियों के बावजूद तेहरान में भारतीय दूतावास लगातार काम कर रहा है और पिछले कुछ दिनों में वहां से छात्रों को सुरक्षित शहरों में शिफ्ट करने में भी सफलता मिली है।
खाड़ी देशों से अब तक 20 हजार भारतीय लौटे
विदेश मंत्रालय में खाड़ी मामलों के संयुक्त सचिव असीम महाजन ने बताया कि मौजूदा हालात के बीच खाड़ी क्षेत्र से करीब 20 हजार भारतीय यात्री वापस देश लौट चुके हैं। सऊदी अरब के अलग-अलग हवाई अड्डों से भारत के विभिन्न शहरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं। ओमान से भी भारत के लिए उड़ानों का संचालन जारी है। उन्होंने बताया कि कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला हुआ है, जबकि कुवैत का हवाई क्षेत्र 28 फरवरी 2026 से बंद है। बहरीन और इराक में जहां हवाई क्षेत्र बंद है, वहां फंसे भारतीय नागरिकों को सऊदी अरब के रास्ते आने-जाने में मदद दी जा रही है।
