तड़के भूकंप से दहला लेह, 4.1 तीव्रता के झटकों से दहशत में लोग घरों से बाहर निकले
भारत में एक बार फिर धरती कांपी है। गुरुवार तड़के लद्दाख के लेह में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह 3 बजकर 54 मिनट पर आए इन झटकों के बाद लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई है।
झटकों के बाद लोग दहशत में, नुकसान की कोई सूचना नहीं
भूकंप के झटके महसूस होते ही स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक इस भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
150 किलोमीटर गहराई में था भूकंप का केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र धरती के भीतर करीब 150 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। विशेषज्ञों के अनुसार, अधिक गहराई में आने वाले भूकंप आमतौर पर सतह पर कम नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन झटके महसूस जरूर होते हैं।
एक दिन पहले राजस्थान में भी कांपी थी धरती
देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। इससे पहले बुधवार को राजस्थान के खैरताल तिजारा इलाके में 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इस भूकंप की गहराई जमीन से मात्र तीन किलोमीटर नीचे थी, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर हल्के झटके महसूस किए गए।
आखिर क्यों आते हैं भूकंप? समझिए वैज्ञानिक कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, पृथ्वी की सतह कई टेक्टोनिक प्लेट्स में विभाजित है। ये प्लेटें लगातार गतिशील रहती हैं और आपस में टकराती, खिसकती या दूर होती रहती हैं। इस प्रक्रिया में ऊर्जा का दबाव बनता है। जब यह दबाव अचानक रिलीज होता है, तो धरती कांपती है और इसे ही भूकंप कहा जाता है।
