यूपी से बंगाल तक मौसम का कहर, तेज आंधी-तूफान का अलर्ट; 4 राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

rain-kolkata-1777511793

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना सिस्टम धीरे-धीरे बिहार की ओर बढ़ रहा है, जबकि झारखंड के ऊपर सक्रिय आंधी-तूफान का सिस्टम पश्चिम बंगाल की तरफ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में इन क्षेत्रों में तेज हवाएं, बारिश, बिजली गिरने और स्थानीय स्तर पर दिक्कतों की आशंका जताई गई है।

पश्चिम विक्षोभ का असर, कई राज्यों में मौसम बदला

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पाकिस्तान और आसपास कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय पश्चिम विक्षोभ का असर पंजाब और उसके आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। इसके चलते उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है और तेज हवाओं के साथ बदलाव जारी है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का खतरा

इस हफ्ते सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। असम, मेघालय, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वोत्तर भारत में अगले 7 दिनों तक मौसम खराब बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

पिछले 24 घंटे: कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि

बीते 24 घंटों में पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। त्रिपुरा और असम में भी कई स्थानों पर वर्षा हुई, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई। वहीं उत्तराखंड, ओडिशा, कर्नाटक और तेलंगाना में ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आईं। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ और ओडिशा में हीट वेव की स्थिति भी दर्ज की गई।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, कई राज्यों में गिरावट के आसार

उत्तर पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद 30 अप्रैल और 1 मई को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 2 से 5 मई के बीच फिर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है, इसके बाद फिर उतनी ही बढ़ोतरी संभव है। 1 से 3 मई के बीच तापमान में 3 से 5 डिग्री की वृद्धि और 4-5 मई को दोबारा 2 से 4 डिग्री की गिरावट के आसार हैं। मध्य भारत में 1 मई तक करीब 2 डिग्री की गिरावट के बाद स्थिरता बनी रह सकती है।

पूर्वी भारत में भी 1 मई तक तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। महाराष्ट्र में 2 मई तक 2 से 3 डिग्री की गिरावट और उसके बाद स्थिर स्थिति रह सकती है। गुजरात में भी 1 मई तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी संभव है।

रेड अलर्ट जारी, कई राज्यों में बेहद भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में अत्यंत भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार में भी भारी वर्षा हो सकती है।

ओलावृष्टि को लेकर ओडिशा के साथ-साथ उत्तर पश्चिम भारत के हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं, जहां कर्नाटक में भारी बारिश और कर्नाटक-तेलंगाना क्षेत्र में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

 

एक नज़र