बेंगलुरु में दीवार गिरने से बड़ा हादसा, 7 की मौत; सीएम सिद्धारमैया ने घायलों से मुलाकात कर मुआवजे का किया ऐलान

111-1777480214

बेंगलुरु में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। बॉवरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के पास एक कंपाउंड की दीवार अचानक गिर गई, जिससे कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की है।

मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने बीच में छोड़ी बैठक, मौके के लिए रवाना

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त से बात करने के बाद उन्होंने अपनी बैठक बीच में ही छोड़ दी और सीधे घटनास्थल के लिए रवाना हो गए, ताकि राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया जा सके।

भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कुछ लोग दीवार के पास शरण लिए हुए थे। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और लोग उसके मलबे में दब गए। सातों मृतक रेहड़ी-पटरी से जुड़े मजदूर बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से शवों को बाहर निकाला गया।

उडुपी में भी सड़क हादसा, बस-टैंकर टक्कर में 3 की मौत

इसी दिन कर्नाटक के उडुपी जिले में भी एक और हादसा सामने आया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना बेंदूर तालुक के त्रासी बीच के पास हुई। बस मुरुदेश्वर से उडुपी की ओर जा रही थी और उसमें करीब 47 यात्री सवार थे।

 

एक नज़र