सुल्तानपुर में आंधी-तूफान का कहर: तिलक लेकर निकलने से पहले भाई की मौत, 7 लोगों ने गंवाई जान; कई घायल
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दर्दनाक हादसों में दो मासूम बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। कहीं पेड़ गिरा, कहीं दीवार ढही तो कहीं बिजली का खंभा मौत बनकर गिर पड़ा। अचानक आई इस आपदा ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।
तिलक से पहले ही उजड़ गया परिवार, खंभा गिरने से युवक की मौत
सबसे हृदयविदारक घटना कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे शिववंश दुबे गांव में सामने आई। यहां 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी की बिजली का खंभा गिरने से मौत हो गई। महेंद्र अपनी बहन कौशिक की शादी के लिए महज 10 दिन पहले ही बाहर से घर लौटा था। बुधवार शाम उसे परिवार के साथ बहन का तिलक लेकर अलीगंज बाजार जाना था, लेकिन उससे पहले ही हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। परिवार में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब घर में चीख-पुकार और गहरा शोक पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक 7 मई को बहन की बारात आनी थी।
ईंट गिरने से 8 साल की बच्ची की मौत, कई घायल
बल्दीराय थाना क्षेत्र के कस्बा माफियात में तेज आंधी के दौरान एक और दर्दनाक हादसा हुआ। यहां 8 वर्षीय महिमा की दीवार से ईंट गिरने के कारण मौत हो गई। वह अपने छप्परनुमा घर में मौजूद थी जब यह हादसा हुआ। महिमा कक्षा तीन की छात्रा थी। इसी क्षेत्र के सिंघनी गांव में तेज हवा के बीच पेड़ गिरने से 58 वर्षीय रामबरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कच्ची दीवार ढहने से महिला की मौत, तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे निधई तिवारी मजरे डोभियारा गांव में कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से 35 वर्षीय रीता की जान चली गई। रीता अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। उनके पति खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में भी हादसा हुआ, जहां 8 वर्षीय सुरेमन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज अंबेडकरनगर में जारी है।
वहीं बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज दाऊदपुर गांव में घर के पास जामुन का पेड़ गिरने से 40 वर्षीय सुषमा गुप्ता की मौत हो गई।
आंधी के बाद हालात बिगड़े, कई गांवों में बिजली और रास्ते ठप
आंधी और बारिश के बाद जिले के कई हिस्सों में हालात बिगड़ गए। पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई गांवों में रास्ते बाधित हो गए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। हादसों के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है।
