यूपी में फिर मौसम का कहर, अगले 3 घंटे में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट; कई जिलों में ऑरेंज व येलो वार्निंग जारी

30apr3_1777523696958_1777523702563

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के बाद आज भी मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले तीन घंटों के भीतर प्रयागराज, कानपुर, चित्रकूट समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है।

मध्य और पूर्वी यूपी में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और विनाशकारी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। साथ ही कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

प्रयागराज, संत रविदास नगर, जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव और औरैया में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

पूर्वांचल में येलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

पूर्वांचल के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की बारिश, धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और मध्यम वर्षा के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। यहां हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

पश्चिमी यूपी और आसपास के इलाकों में भी असर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, मुरादाबाद और रामपुर के साथ-साथ लखनऊ, कन्नौज और आसपास के क्षेत्रों में भी मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी, अगले दिनों में फिर बढ़ेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और पूर्वी यूपी में अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि मई की शुरुआत में अगले 2-3 दिनों के दौरान तापमान फिर 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। इसके बाद 4-5 मई के आसपास एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

बुधवार को आंधी-तूफान ने मचाई थी तबाही, 14 लोगों की मौत

गौरतलब है कि बुधवार को आए आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने प्रदेश के कई जिलों में भारी तबाही मचाई थी। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के कारण 14 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें पूर्वांचल, प्रयागराज और अवध क्षेत्र के कई जिले प्रभावित हुए थे।

आंधी के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़कें बाधित हो गईं, ट्रेनें रोकनी पड़ीं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई थी। वहीं कुछ दक्षिणी जिलों में गर्मी और तपिश का असर अभी भी बना हुआ है।

 

एक नज़र