‘डेढ़ लाख शिक्षामित्र परिवारों को टूटने नहीं दिया’, गोरखपुर में बोले CM योगी; मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान

2026_5image_17_15_556147002hhionv-aeaa_2eh-ll

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित राज्यस्तरीय शिक्षामित्र सम्मान समारोह में शिक्षामित्रों को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने डेढ़ लाख शिक्षामित्र परिवारों को संकट से बचाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर अब 18 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जो अप्रैल 2026 से लागू भी हो चुका है।

‘पिछली सरकारों की गलती का खामियाजा भुगत रहे थे शिक्षामित्र’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले की सरकारों ने बिना नियम-कानून के शिक्षामित्रों को सहायक शिक्षक बनाने का प्रयास किया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने नियम विरुद्ध मानते हुए उनकी सेवाएं समाप्त करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि उस समय डेढ़ लाख परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया था।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने फैसला लिया कि शिक्षामित्रों की सेवाएं समाप्त नहीं की जाएंगी, बल्कि उन्हें शिक्षा व्यवस्था में सहयोगी के रूप में बनाए रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 2017 में सरकार ने मानदेय 3500 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया था और अब इसे बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।

‘नकारात्मक सोच छोड़ें, बच्चों का भविष्य मजबूत करें’

मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों से ट्रेड यूनियन मानसिकता और नकारात्मक सोच छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक और शिक्षामित्र केवल मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे, तो इससे बच्चों की नींव कमजोर होगी और समाज को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने वाले ही बेहतर पीढ़ी तैयार कर सकते हैं।

सभी शिक्षामित्रों को मिलेगा 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर

सीएम योगी ने कहा कि सरकार सभी शिक्षामित्रों को प्रधानमंत्री की कैशलेस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ने जा रही है। इसके तहत हर शिक्षामित्र को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो लोग अब तक योजना से नहीं जुड़े हैं, उन्हें भी जल्द लाभ दिया जाए।

बैंक खाते और नजदीकी तैनाती की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद को सभी शिक्षामित्रों के बैंक खाते खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मानदेय सीधे खातों में भेजा जा सके। इसके साथ ही शिक्षामित्रों को उनके जिले और नजदीकी विद्यालयों में तैनाती देने की व्यवस्था भी की जा रही है। विवाहित महिला शिक्षामित्रों को मायके या ससुराल के पास स्कूल में म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा देने की बात भी कही गई।

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्रदेश के स्कूलों की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि पहले जहां स्कूलों में टॉयलेट, पेयजल, फर्नीचर और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं 30 से 36 प्रतिशत तक सीमित थीं, अब यह आंकड़ा 96 से 99 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत रह गई है और प्रदेश के 1 करोड़ 60 लाख बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग, किताबें और स्वेटर जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

कस्तूरबा विद्यालयों को 12वीं तक बढ़ाने की घोषणा

सीएम योगी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को अब 12वीं तक विस्तारित किया गया है और नए विकास खंडों में आवासीय विद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने पीएम श्री स्कूल, अटल टिंकरिंग लैब, सीएम कंपोजिट विद्यालय और अटल आवासीय विद्यालयों को प्रदेश की नई शिक्षा व्यवस्था का मॉडल बताया।

‘हर बच्चा स्कूल पहुंचे’ अभियान तेज करने की अपील

मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों से जुलाई में स्कूल खुलने के साथ ‘स्कूल चलो अभियान’ को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर शिक्षक आधा घंटा पहले स्कूल पहुंचे और आसपास के 25 घरों में जाकर अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करे।

उन्होंने बच्चों को प्यार और प्रेरणा से पढ़ाने की बात कही और कहा कि स्कूल में किसी भी प्रकार की मारपीट नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों को किया सम्मानित

समारोह में मुख्यमंत्री ने 1 लाख 43 हजार शिक्षामित्रों को बधाई दी और चयनित शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए बढ़े हुए मानदेय के चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम में कई शिक्षामित्रों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिला।

‘अरुणोदय’ कैलेंडर का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थी नेतृत्व आधारित प्रार्थना सभा गतिविधि कैलेंडर ‘अरुणोदय’ का विमोचन भी किया। इस कैलेंडर का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है, जिसमें विज्ञान, गणित, भाषा कौशल, संवाद, रोल प्ले, पर्यावरण संरक्षण और कला-क्राफ्ट जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है।

इस अवसर पर बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 

एक नज़र