जाह्नवी कपूर को लेकर विवाद पर साउथ सुपरस्टार का बड़ा बयान, बोले- ‘क्रिएटिव फैसलों के लिए उन्हें टारगेट न करें’
नई दिल्ली: फिल्म ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर के किरदार और कुछ दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर जारी विवाद के बीच अब साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता जगपति बाबू ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अभिनेत्री का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी कलाकार को व्यक्तिगत रूप से निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
‘किसी लड़की के पीछे पड़ना सही नहीं’
जगपति बाबू ने एक इंटरव्यू के दौरान इस पूरे मामले पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर वह यही कहना चाहेंगे कि किसी भी लड़की को टारगेट करना सही नहीं है। उनके मुताबिक, दर्शकों को यह नहीं पता होता कि किसी दृश्य या किरदार को लेकर कलाकार की सहमति क्या थी और वह किन परिस्थितियों में काम कर रहा था।
डायरेक्टर के विजन के तहत होता है काम
अभिनेता ने आगे कहा कि जब कोई कलाकार किसी फिल्म को साइन करता है, तो वह डायरेक्टर के विजन के भरोसे काम करता है। ऐसे में वह वही करता है जो उसे बताया जाता है। कभी-कभी वह निर्णय काम करता है और कभी नहीं करता, लेकिन इसके लिए पूरे तौर पर कलाकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने जाह्नवी कपूर का समर्थन करते हुए कहा कि वह इस मामले में उनके साथ खड़े हैं।
मेंटल प्रेशर पर भी जताई चिंता
जगपति बाबू ने यह भी कहा कि अगर किसी को कोई फिल्म या किरदार पसंद नहीं आता है तो उसकी आलोचना की जा सकती है, लेकिन किसी एक कलाकार को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाना गलत है। उन्होंने कहा कि इस तरह की ट्रोलिंग कलाकारों पर मानसिक दबाव डाल सकती है और यह ठीक नहीं है।
विवाद कैसे शुरू हुआ था
गौरतलब है कि फिल्म ‘पेद्दी’ के रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों ने जाह्नवी कपूर के किरदार ‘अचियम्मा’ को लेकर आपत्ति जताई थी। आरोप लगाया गया कि उनके किरदार में उनकी एक्टिंग से ज्यादा उनके लुक और शरीर पर फोकस किया गया है, जिसके बाद निर्देशक ने भी इस पर माफी मांगी थी।
