युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! 3446 अभ्यर्थियों का चयन, कृषि विभाग में मिलेगी सरकारी नौकरी

up-subordinate-services-selection-commission

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 3446 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों को जनपदों में रिक्त पदों के अनुसार नियुक्ति दी जाएगी।

प्रदेश सरकार ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए इसे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया है। आयोग ने इस भर्ती के लिए 13 जुलाई 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी, जिसके परिणाम 23 जून 2026 को जारी किए गए।

वर्गवार चयनित अभ्यर्थियों का विवरण

चयन सूची के अनुसार सामान्य वर्ग के सबसे अधिक 1813 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग से 509, अनुसूचित जनजाति वर्ग से 151, अन्य पिछड़ा वर्ग से 629 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 344 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सभी चयनित उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के परिश्रम और प्रतिभा का परिणाम है। वहीं कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी है।

कृषि विभाग की जमीनी कार्यप्रणाली को मिलेगा बल

कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह भर्ती लंबे समय से प्रतीक्षित थी। बड़ी संख्या में नियुक्तियां होने से विभाग की फील्ड स्तर पर कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसानों तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण साबित होगी। साथ ही प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में भी कृषि विभाग की भूमिका और मजबूत होगी।

जल्द शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया

परिणाम जारी होने के बाद अब कृषि निदेशालय द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को जनपदवार रिक्तियों के अनुसार नियुक्ति देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे हजारों युवाओं का सरकारी सेवा में शामिल होने का सपना साकार होगा।

प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र कुमार तथा कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

एक नज़र