16 जुलाई को धमाका करेगी MG की नई SUV! हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ टाटा सफारी को देगी सीधी चुनौती
नई दिल्ली: भारतीय ऑटो बाजार में एक बार फिर हलचल मचने वाली है। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया 16 जुलाई 2026 को अपनी नई न्यू एनर्जी एसयूवी पेश करने जा रही है। हालांकि कंपनी ने अभी तक मॉडल के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह नई प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी होगी, जो चीन में बिकने वाली वूलिंग स्टारलाइट 560 पीएचईवी पर आधारित हो सकती है। कंपनी ने मार्च 2026 में इस मॉडल के डिजाइन का पेटेंट भारत में दाखिल किया था। नई एसयूवी को नए नाम के साथ पेश किए जाने की संभावना है और इसकी बिक्री दिवाली सीजन के आसपास शुरू हो सकती है।
पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक विकल्प मिलने की उम्मीद
चीन में उपलब्ध वूलिंग स्टारलाइट 560 एसयूवी पेट्रोल, प्लग-इन हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ आती है। इसके प्लग-इन हाइब्रिड संस्करण में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन और 20.5 किलोवाट-घंटे की बैटरी दी गई है, जो मिलकर 197 बीएचपी की शक्ति और 230 एनएम का टॉर्क पैदा करती है। वहीं इलेक्ट्रिक मॉडल में 56.7 किलोवाट-घंटे की बैटरी और फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 136 बीएचपी की पावर और 200 एनएम टॉर्क प्रदान करती है।
रेंज के मामले में भी हो सकती है दमदार
स्टारलाइट 560 पीएचईवी एक बार चार्ज होने पर करीब 100 किलोमीटर तक शुद्ध इलेक्ट्रिक ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम है। वहीं इसका इलेक्ट्रिक संस्करण लगभग 500 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज उपलब्ध कराता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय बाजार में आने वाली एमजी की नई एसयूवी भी प्लग-इन हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक दोनों विकल्पों के साथ पेश की जा सकती है।
फैमिली ग्राहकों के लिए 5 और 7 सीटों का विकल्प
नई एमजी एसयूवी का आकार भी बड़े फैमिली वाहन जैसा होने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी लंबाई 4,745 मिमी, चौड़ाई 1,850 मिमी और ऊंचाई 1,755 मिमी हो सकती है। इसका व्हीलबेस 2,810 मिमी रहने की उम्मीद है। कंपनी इसे 5-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में उतार सकती है। इसके अलावा करीब 763 लीटर का बड़ा बूट स्पेस भी मिलने की संभावना है।
फीचर्स से लैस होगी नई SUV
नई एसयूवी में 12.8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 8.8 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, प्रीमियम सीट अपहोल्स्ट्री, ओटीए अपडेट, 6-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, वॉयस कमांड, एसी चार्जिंग सपोर्ट और रीजनरेटिव ब्रेकिंग जैसे आधुनिक फीचर्स मिल सकते हैं।
सुरक्षा पर भी रहेगा खास फोकस
सुरक्षा के लिहाज से इस एसयूवी में मल्टीपल एयरबैग, एबीएस के साथ ईबीडी, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, हिल स्टार्ट असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, आइसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट, रियर पार्किंग सेंसर और पुश-बटन स्टार्ट जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। लॉन्च के बाद यह एसयूवी भारतीय बाजार में टाटा सफारी समेत कई प्रीमियम फैमिली एसयूवी को कड़ी टक्कर दे सकती है।
