40 साल बाद रचेगा इतिहास! पीएम मोदी 10 जुलाई को करेंगे न्यूजीलैंड का आधिकारिक दौरा, FTA के बाद रिश्तों को मिलेगी नई उड़ान
नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव आने वाला है। ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जुलाई को न्यूजीलैंड के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इस यात्रा की पुष्टि करते हुए कहा कि पिछले चार दशक में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी 10 जुलाई को ऑकलैंड पहुंचेंगे और अगले दिन भारत लौटेंगे। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने इस दौरे को दोनों देशों के रिश्तों के लिए ऐतिहासिक बताया है। उल्लेखनीय है कि भारत और न्यूजीलैंड ने इसी वर्ष 27 अप्रैल को नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसके बाद दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई दिशा मिली है।
भारतीय उद्योगों को मिलेगा बड़ा फायदा
मुक्त व्यापार समझौते के तहत न्यूजीलैंड ने भारतीय उत्पादों को अपने बाजार में 100 प्रतिशत शुल्क-मुक्त प्रवेश देने का फैसला किया है। इससे कपड़ा, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग उत्पाद, रत्न एवं आभूषण जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। निर्यात बढ़ने के साथ भारतीय उद्योगों के लिए नए अवसर भी खुलेंगे।
भारत ने भी कई उत्पादों पर दी शुल्क राहत
समझौते के तहत भारत ने न्यूजीलैंड के लगभग 70 प्रतिशत उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती करने या चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने पर सहमति जताई है। हालांकि, घरेलू किसानों और डेयरी क्षेत्र के हितों को ध्यान में रखते हुए डेयरी और कुछ संवेदनशील कृषि उत्पादों को इस समझौते के दायरे से बाहर रखा गया है।
निवेश, रोजगार और पेशेवरों के लिए नए अवसर
यह समझौता केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा देगा। न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर तक निवेश को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही भारतीय आईटी पेशेवरों, इंजीनियरों, स्वास्थ्यकर्मियों, योग प्रशिक्षकों, आयुष विशेषज्ञों, शेफ और संगीत शिक्षकों के लिए विशेष वीजा व्यवस्था का भी प्रावधान किया गया है।
भारतीय छात्रों को भी होगा लाभ
एफटीए के तहत भारतीय छात्रों को भी कई नई सुविधाएं मिलेंगी। छात्र संख्या की सीमा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा पढ़ाई के दौरान काम करने की अनुमति और शिक्षा पूरी होने के बाद तीन से चार वर्ष तक कार्य वीजा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे भारतीय छात्रों के लिए न्यूजीलैंड में करियर के नए अवसर खुलेंगे।
हाल ही में पांच देशों के दौरे पर गए थे पीएम मोदी
न्यूजीलैंड दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई के बीच संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, इटली, स्वीडन और नॉर्वे की यात्रा कर चुके हैं। इस दौरान उनकी विभिन्न देशों के नेताओं के साथ हरित ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, रणनीतिक निवेश, प्रौद्योगिकी, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई थी।
