पेपर लीक पर PM मोदी का बड़ा ऐलान! फास्ट-ट्रैक कोर्ट से सख्त कानून तक, आज कैबिनेट में होगा बड़ा फैसला

pm-modi-video

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के नाम देर रात वीडियो संदेश जारी कर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य घटना नहीं है और इससे लाखों छात्रों व उनके परिवारों को गहरी पीड़ा होती है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार अब केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दोषियों के खिलाफ और अधिक सख्त कानून लाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

पेपर लीक पर बनेगा और सख्त कानून

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट के गठन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों ने देर रात तक काम कर इसका मसौदा तैयार कर उन्हें सौंप दिया है। इस मसौदे पर शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में चर्चा होगी। मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

संसद में जल्द लाया जाएगा विधेयक

प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमवार से संसद के दूसरे सप्ताह की कार्यवाही शुरू होने जा रही है। सरकार का प्रयास रहेगा कि फास्ट-ट्रैक कोर्ट और दोषियों के लिए कठोर सजा से जुड़े प्रावधानों वाला विधेयक जल्द से जल्द संसद में पेश कर पारित कराया जाए।

‘पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं’

वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को प्रभावित किया है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों के दौरान सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और मामले में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

सरकार ने समय पर कराई परीक्षा और जारी किया परिणाम

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता छात्रों का एक वर्ष बर्बाद होने से बचाना था। इसी उद्देश्य से कम समय में दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई और 19 जुलाई को परिणाम भी घोषित कर दिए गए। उन्होंने कहा कि देशभर से सफल विद्यार्थियों की खुशी की खबरें सामने आ रही हैं।

आज मंत्रियों से मिल सकता है CJP का प्रतिनिधिमंडल

नीट पेपर लीक मामले को लेकर जारी गतिरोध के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात कर सकता है। सूत्रों के अनुसार, बैठक दोपहर 12:30 बजे प्रस्तावित है, हालांकि इसका स्थान सार्वजनिक नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि यह बैठक पर्दे के पीछे चली बातचीत के बाद आयोजित की जा रही है।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सुधार की मांग जारी

सीजेपी जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग कर रहा है।

शिक्षा मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

देशभर में जारी छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव भी किया है। उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला कर उन्हें पंचायती राज मंत्रालय भेज दिया गया है। उनकी जगह नरेश कुमार गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, स्कूली शिक्षा सचिव की जिम्मेदारी टीके अनिल कुमार को सौंपी गई है। विनीत जोशी 30 जून को संजय कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद स्कूली शिक्षा सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे।

 

एक नज़र