पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को स्वाइन फ्लू, H1N1 की पुष्टि के बाद लखनऊ आवास पर आइसोलेट; कई दिन से था बुखार, हालत में सुधार
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 से संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें कई दिनों से बुखार था। मंगलवार को जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें लखनऊ स्थित आवास पर ही आइसोलेट कर दिया गया है। संक्रमण के चलते उनके सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
बुखार के चलते जनसुनवाई में नहीं पहुंचे थे मंत्री
जयवीर सिंह को कई दिनों से बुखार था। इसी वजह से वह रविवार को सिरसागंज स्थित आवास पर सुबह 9:30 बजे आयोजित जनसुनवाई में भी शामिल नहीं हो सके थे। उनकी अनुपस्थिति में उनके बेटे अतुल प्रताप सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी शिकायतों को जाना।
लखनऊ पहुंचने के बाद जांच में संक्रमण की पुष्टि
जनसुनवाई के अगले दिन सोमवार को मंत्री लखनऊ पहुंचे। मंगलवार को हुई जांच में उनके एच1एन1 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सकीय सलाह के तहत उन्हें लखनऊ स्थित आवास पर अलग रखा गया है। स्वास्थ्य में सुधार होने की बात सामने आई है।
जिले में पहले भी सामने आ चुके हैं दो मामले
फिरोजाबाद जिले में इससे पहले स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आ चुके हैं। 69 वर्षीय एक कारोबारी की सोमवार रात स्वाइन फ्लू से मौत हो गई थी। वहीं, टूंडला में आठ वर्षीय बालिका के एच1एन1 संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। बालिका को घर पर ही आइसोलेट कर उपचार दिया जा रहा है।
