यूपी में दिसंबर 2026 से पहले आएंगी 26+ सरकारी भर्तियां, 65 हजार से ज्यादा पदों पर नौकरी का मौका

up-bharti-

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य में दिसंबर 2026 से पहले 65 हजार से ज्यादा पदों को भरने के लिए कई बड़ी भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी किए जाने की तैयारी है। इन भर्तियों के जरिए अलग-अलग विभागों में हजारों पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

यूपी में 26 से ज्यादा नई भर्तियों की तैयारी

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इससे पहले राज्य सरकार बड़ी संख्या में सरकारी पदों को भरने की तैयारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, दिसंबर 2026 से पहले 26 से ज्यादा नई भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी किए जा सकते हैं।

इन भर्तियों के जरिए करीब 70 हजार पदों को भरने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 65 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ा अवसर माना जा रहा है।

शिक्षा विभाग में 40 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) के जरिए सबसे ज्यादा पदों पर भर्ती की तैयारी है। दिसंबर 2026 से पहले शिक्षक भर्ती से जुड़ी कई प्रक्रियाएं शुरू होने की संभावना है। इसमें टीजीटी, पीजीटी, मदरसा शिक्षक, प्रधानाचार्य, हेड मास्टर और सहायक शिक्षक जैसे पद शामिल हैं।

UPESSC में 40 हजार से ज्यादा पदों को भरने की तैयारी है। इन पदों के लिए जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।

UPESSC की प्रस्तावित भर्तियों में पीजीटी के 28 विषयों में 2609 पद, टीजीटी भर्ती में 17000 पद, 11वीं और 12वीं के स्कूलों में प्रधानाचार्य भर्ती के 1475 पद, 9वीं और 10वीं कक्षा के लिए हेड मास्टर भर्ती के 1172 पद शामिल हैं।

इसके अलावा 42 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के 1929 पद, प्राथमिक स्कूलों में असिस्टेंट टीचर भर्ती के 897 पद, मदरसा शिक्षक भर्ती के 1700 पद और बेसिक शिक्षा परिषद के नगरीय क्षेत्र में असिस्टेंट टीचर भर्ती के 11508 पद प्रस्तावित हैं।

UPSSSC और UPPSC में भी हजारों पदों पर आएंगी भर्तियां

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के जरिए भी हजारों पदों को भरने की तैयारी है। दिसंबर 2026 से पहले इन दोनों आयोगों से जुड़ी करीब 30 हजार पदों की भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी किए जा सकते हैं।

UPPSC के जरिए 10 से 12 हजार पदों और UPSSSC के जरिए 13 से 15 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी है। दोनों आयोगों के माध्यम से जुड़े विभागों में 25 हजार से ज्यादा पदों को भरने की योजना बनाई गई है।

इन पदों पर भी होगी भर्ती की तैयारी

उत्तर प्रदेश में जूनियर असिस्टेंट भर्ती के तहत 2857 पद, लोक निर्माण और अन्य विभागों में जेई भर्ती के 1620 पद, राज्य कर और भू-अध्याप्ति विभाग में अमीन व स्टोरकीपर के 1178 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।

इसके अलावा पशुपालन विभाग में वेटरनरी फार्मासिस्ट के 1308 पद, सिंचाई और जल संसाधन विभाग में जेई मैकेनिकल के 1054 पद, कंबाइंड टेक्निकल सर्विस भर्ती के 900 पद और लाइब्रेरी असिस्टेंट व लाइब्रेरी कस्टोडियन के 700 पदों पर भर्ती की तैयारी है।

सहकारिता और खादी ग्रामोद्योग विभाग में सप्लाई इंस्पेक्टर और ईओ भर्ती के 612 पद, बेसिक शिक्षा विभाग में जूनियर असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर के 512 पद, सचिवालय और कारागार विभाग में असिस्टेंट व कंप्यूटर ऑपरेटर के 419 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।

युवा कल्याण विभाग में फिजिकल ट्रेनिंग इंस्पेक्टर के 412 पद, पीडब्ल्यूडी विद्युत सुरक्षा विभाग में जेई इलेक्ट्रिकल के 269 पद, कृषि निदेशालय में जेई कृषि के 134 पद और ग्राम्य विकास संस्थान में सीनियर इंस्ट्रक्टर के 132 पदों को भरा जाना है।

इसके अलावा नागरिक सुरक्षा विभाग में असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर के 104 पद, खेल निदेशालय में असिस्टेंट इंस्ट्रक्टर और ग्राउंड्समैन के 55 पद, मंडी परिषद में ग्रेजुएट लेवल जूनियर असिस्टेंट के 55 पद और राज्य निर्वाचन आयोग व मंडी परिषद में स्टेनोग्राफर के 54 पदों पर भर्ती की तैयारी है।

LT ग्रेड और बीईओ भर्ती भी प्रस्तावित

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती और खंड शिक्षा अधिकारी भर्ती भी महत्वपूर्ण हैं। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में 8905 पद और खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) भर्ती में 893 पदों को भरने की तैयारी है।

 

एक नज़र