फ्रिज से निकालते ही दही खाना पड़ सकता है भारी, डॉक्टर ने बताया- कितनी देर बाद करें सेवन और क्या है सही तरीका
New Delhi: दही को सेहत के लिए फायदेमंद खाद्य पदार्थ माना जाता है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मदद करते हैं। हालांकि, फ्रिज से निकालकर तुरंत ठंडी दही खाने की आदत को बदलने की सलाह दी जाती है। आयुर्वेद के अनुसार, ठंडी दही पचने में भारी हो सकती है और शरीर में कफ या बलगम बढ़ा सकती है। डॉक्टर तरंग कृष्णा ने बताया है कि दही का सेवन किस तरह करना बेहतर माना जाता है।
क्यों ठंडी दही खाने से बचने की सलाह दी जाती है?
फ्रिज से निकालने के तुरंत बाद दही खाने से बचने की सलाह इसलिए दी जाती है क्योंकि बहुत ठंडी दही पाचन अग्नि को धीमा कर सकती है और शरीर में कफ दोष बढ़ा सकती है। वहीं, फ्रिज में रखने का उद्देश्य दही को सुरक्षित रखना है, उसकी गुणवत्ता बढ़ाना नहीं। दही में मौजूद प्रोबायोटिक बैक्टीरिया तापमान के अनुसार अलग-अलग स्तर पर सक्रिय रहते हैं।
कमरे के तापमान पर दही खाने की सलाह क्यों?
डॉक्टर तरंग कृष्णा के मुताबिक, माइक्रोबायोलॉजी से जुड़ी स्टडी में बताया गया है कि दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया सामान्य तापमान पर अधिक सक्रिय रहते हैं। ऐसे में दही को खाने से कुछ समय पहले फ्रिज से निकालकर कमरे के तापमान पर रखना बेहतर माना जाता है। इसके बाद ही इसका सेवन करना चाहिए।
दही खाने का सही तरीका क्या है?
दही को फ्रिज से निकालकर तुरंत खाने के बजाय करीब आधे से एक घंटे पहले बाहर निकाल लेना चाहिए। जब दही सामान्य तापमान पर आ जाए, तब उसका सेवन किया जा सकता है।
दही का सेवन दिन में दोपहर के भोजन के समय करने की सलाह दी जाती है। इसे भोजन के साथ लिया जा सकता है। दही में भुना हुआ जीरा और काली मिर्च भी मिलाई जा सकती है।
रात में दही खाने से क्यों बचें?
रात के समय दही का सेवन करने से बचने की सलाह दी जाती है। ऐसा माना जाता है कि रात में दही खाने से सर्दी-जुकाम, कफ या पाचन से जुड़ी परेशानी हो सकती है।
ताजा दही ही करें इस्तेमाल
दही का सेवन करते समय उसकी ताजगी का भी ध्यान रखना चाहिए। हमेशा मीठा और ताजा जमा हुआ दही इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। ज्यादा खट्टे या बासी दही का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
