यूपी में सीनियर इंस्ट्रक्टर के 132 पदों पर भर्ती, 14 सितंबर से आवेदन शुरू; PET-2025 वाले अभ्यर्थी ही कर सकेंगे अप्लाई

upsssc_senior_instructor_recruit

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती का मौका आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के लिए सीनियर इंस्ट्रक्टर के 132 पदों पर भर्ती का नोटिस जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी और 5 अक्टूबर तक चलेगी। आवेदन में संशोधन के लिए 12 अक्टूबर तक का समय दिया गया है।

आयोग ने आवेदन लेने संबंधी नोटिस 10 सितंबर को जारी किया था। इस भर्ती के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET-2025 में शामिल पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन आयोग की वेबसाइट के जरिए किए जाएंगे।

किन पदों पर होगी भर्ती

भर्ती में सीनियर इंस्ट्रक्टर अभियंत्रण, पौध संरक्षण, उद्यान विज्ञान, पशुपालन, शस्य विज्ञान, महिला कल्याण, सहकारिता, पंचायत, मृदा विज्ञान, कृषि, कृषि प्रसार, उत्पादन और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े पद शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक 30 पद एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग के हैं।

किस पद के लिए क्या योग्यता

सीनियर इंस्ट्रक्टर एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग के लिए एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग में डिग्री और न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। पौध संरक्षण और शस्य विज्ञान के लिए कृषि में बीएससी तथा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक चाहिए।

उद्यान विज्ञान के पद के लिए बीएससी और कम से कम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। पशुपालन के लिए बीएससी या एमएससी (पशुपालन) की डिग्री और न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।

महिला कल्याण के पद के लिए गृह विज्ञान, गृह-अर्थशास्त्र, पोषणाहार या आहार में बीएससी की डिग्री तथा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए।

सहकारिता के लिए एमए (अर्थशास्त्र), एमएससी (कृषि अर्थशास्त्र) या एमकॉम की डिग्री और न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। पंचायत पद के लिए एमए (अर्थशास्त्र), एमएससी (कृषि अर्थशास्त्र) या एमए (समाजशास्त्र) की डिग्री मांगी गई है। इसमें भी न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए।

मृदा विज्ञान के लिए कृषि में बीएससी और कम से कम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। कृषि के पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कृषि में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री और न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए।

कृषि प्रसार के पद के लिए कृषि में बीएससी और न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। वहीं सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त सफाई निरीक्षक परीक्षा का प्रमाणपत्र होना जरूरी है।

21 से 40 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए आयु सीमा 21 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए 25 रुपये रखा गया है। मुख्य परीक्षा के लिए शुल्क बाद में लिया जाएगा।

PET-2025 के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए होगा चयन

इस भर्ती के लिए केवल PET-2025 में शामिल पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। आवेदन और भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

100 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा

मुख्य परीक्षा का पेपर दो घंटे का होगा और इसमें कुल 100 अंक के सवाल पूछे जाएंगे। इसमें ग्राम्य विकास से संबंधित विषयगत प्रश्नों के 50 अंक होंगे। विश्लेषणात्मक क्षमता और डाटा इंटरप्रिटेशन से 15 अंक, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणा से 15 अंक और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी के 20 अंक के प्रश्न होंगे।

14 सितंबर से शुरू होगा आवेदन

अभ्यर्थी 14 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में किसी तरह का संशोधन 12 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी सभी शर्तों और अपनी पदवार योग्यता की जानकारी आयोग की ओर से जारी नोटिस में जरूर जांचनी होगी।

 

एक नज़र