‘बिग बॉस 20’ को मिला पहला कैप्टन, कुर्सी मिलते ही कनिका मान की लाइफलाइन पर चला वार; नॉमिनेशन का बढ़ा खतरा

kanika-mann-1789106409

मुंबई: ‘बिग बॉस 20’ को शुरू हुए अभी चार दिन ही हुए हैं, लेकिन घर के अंदर रिश्तों और पसंद-नापसंद का खेल तेजी से बदल रहा है। कंटेस्टेंट्स अब खुलकर अपनी पसंद और रणनीति सामने रख रहे हैं। इसी बीच पहले हफ्ते का कैप्टेंसी टास्क भी पूरा हो गया है और शो को अपना पहला कैप्टन मिल चुका है। सिंगर और रैपर यंग डीएसए ने कैप्टेंसी अपने नाम की है। कैप्टन बनते ही उनका पहला बड़ा फैसला कनिका मान के खिलाफ गया है।

पहले हफ्ते की कैप्टेंसी के लिए गुल्लू, यंग डीएसए और आसिफ के बीच मुकाबला हुआ था। बाकी घरवालों को भी अपनी पसंद के दावेदार का समर्थन करने का मौका दिया गया। टास्क खत्म होने के बाद यंग डीएसए ने बाजी मार ली और घर की पहली कैप्टेंसी हासिल कर ली।

शुरुआत से यंग डीएसए को मिला घरवालों का समर्थन

कैप्टेंसी टास्क से पहले हुए पॉपकॉर्न टास्क में भी यंग डीएसए को घर के कई सदस्यों का समर्थन मिला था। काजी, स्काउट और अरशिफा समेत कई कंटेस्टेंट उनके पक्ष में नजर आए थे। शुरुआती दिनों में ही यंग ने कुछ घरवालों के साथ अच्छी बॉन्डिंग बनाने की कोशिश की है।

हालांकि, वह अपने फैसलों को लेकर काफी स्पष्ट भी नजर आते हैं। किसी मुद्दे या कंटेस्टेंट को लेकर एक बार राय बनाने के बाद वह अपने रुख पर कायम रहते हैं। अब कैप्टन बनने के बाद उनके फैसलों का असर पूरे घर के समीकरणों पर पड़ना तय माना जा रहा है।

कैप्टन बनने से पहले ही कनिका को बनाया था निशाना

इस सीजन में कंटेस्टेंट्स को दो लाइफलाइन दी गई हैं। इनमें से एक लाइफलाइन उनकी अपनी है, जबकि दूसरी बिग बॉस की ओर से विशेष रूप से दी गई है। ऐसे में कैप्टेंसी का महत्व सिर्फ घर के कामकाज तक सीमित नहीं है, बल्कि कैप्टन के फैसले का दूसरे कंटेस्टेंट्स के गेम पर भी सीधा असर पड़ सकता है।

कैप्टेंसी टास्क से पहले बिग बॉस ने तीनों दावेदारों से पूछा था कि अगर वे कैप्टन बनते हैं तो किस कंटेस्टेंट की लाइफलाइन खत्म करना चाहेंगे। गुल्लू ने उदिती सिंह का नाम लिया था, जबकि आसिफ ने अरशिफा खान की लाइफलाइन खत्म करने की इच्छा जताई। वहीं यंग डीएसए ने कनिका मान की लाइफलाइन छीनने का फैसला बताया था।

कनिका की एक लाइफलाइन खत्म, पहले से नॉमिनेटेड भी

अब यंग डीएसए के कैप्टन बनने के बाद उनके फैसले का सीधा असर कनिका मान पर पड़ा है। कनिका की एक लाइफलाइन खत्म हो चुकी है और वह पहले से ही इस हफ्ते के नॉमिनेशन में शामिल हैं। ऐसे में उनके लिए शो का पहला हफ्ता और मुश्किल हो गया है।

यंग डीएसए का यह फैसला आने वाले दिनों में घर के रिश्तों और ग्रुप इक्वेशन को भी प्रभावित कर सकता है। खासकर ऐसे समय में जब कंटेस्टेंट्स धीरे-धीरे अपने करीबी दोस्तों और विरोधियों की पहचान करने लगे हैं।

कनिका के साथ ये कंटेस्टेंट्स भी नॉमिनेटेड

इस हफ्ते ‘बिग बॉस 20’ से बाहर होने के लिए कनिका मान के अलावा लव गिल, उदिती सिंह और अरशिफा खान भी नॉमिनेटेड हैं। अब फैसला दर्शकों के वोट पर निर्भर करेगा कि इनमें से किसे सबसे ज्यादा समर्थन मिलता है और किस कंटेस्टेंट का सफर पहले ही हफ्ते में खत्म हो जाता है।

वहीं, यंग डीएसए की पहली कैप्टेंसी के दौरान घर में कौन से नए विवाद सामने आते हैं और उनके फैसलों से कौन से नए समीकरण बनते हैं, इस पर भी दर्शकों की नजर रहेगी।

 

एक नज़र