UP Weather: यूपी में अब कम होगी बारिश या फिर लौटेगा तूफान? इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बादल, पहाड़ों पर बाढ़-लैंडस्लाइड का अलर्ट
लखनऊ: सितंबर के आखिरी दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम का दौर जारी है। कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है तो कई इलाकों में आकाशीय बिजली का खतरा बना हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने 28 सितंबर को कई राज्यों के लिए बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसम सिस्टम
मौसम में बदलाव के पीछे दक्षिणी म्यांमार के तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र भी एक वजह है। यह सिस्टम 27 सितंबर को बना था और अगले 24 घंटे में उत्तरी अंडमान सागर तथा म्यांमार के इरावदी डेल्टा की ओर बढ़ सकता है। इसके बाद इसके म्यांमार-बांग्लादेश तट के समानांतर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात और महाराष्ट्र समेत दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी दी है।
कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम के इस बदलाव के बीच कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में फ्लैश फ्लड का खतरा
उत्तराखंड में 28 सितंबर को भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा बताया गया है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, शिमला और सिरमौर में भी कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 28 सितंबर को आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है। बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यूपी में बारिश की तीव्रता कम होने के संकेत
उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित किया है। अब मौसम विभाग ने राज्य में बारिश की तीव्रता कम होने के संकेत दिए हैं। 27 सितंबर को पूर्वी यूपी में अत्यधिक भारी और पश्चिमी यूपी में बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
बिहार-झारखंड में आंधी और बारिश का दौर
बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं झारखंड में 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
दोनों राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और गिरने की घटनाओं को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।
मध्य प्रदेश में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। राज्य के पश्चिमी हिस्से में 30 सितंबर तक और पूर्वी हिस्से में 1 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
