सिर पर क्राउन, ब्लैक गाउन और बरगंडी बालों का जादू, पेरिस फैशन वीक में ऐश्वर्या राय ने रैंप पर बिखेरा शाही अंदाज
पेरिस: ऐश्वर्या राय बच्चन ने पेरिस फैशन वीक 2026 में अपने खास अंदाज से एक बार फिर सबका ध्यान खींच लिया। ‘लॉरियल पेरिस ले डेफिले 2026’ में रैंप वॉक के दौरान ऐश्वर्या ने काले रंग की वेलवेट ड्रेस पहनी, जिसके साथ क्रिस्टल से सजा केप और क्राउन स्टाइल हेडपीस उनके लुक का खास हिस्सा रहा। एफिल टॉवर की खूबसूरत पृष्ठभूमि में हुए इस फैशन शो में उनका शाही अंदाज चर्चा में रहा।
ब्लैक वेलवेट गाउन में दिखा ग्लैमरस अंदाज
ऐश्वर्या ने यारा शूमेकर के फॉल/विंटर 2026-27 कलेक्शन का आउटफिट पहना था। उनके लुक को मोहित राय, तरंग अग्रवाल और चिंतन शाह ने स्टाइल किया। फिटेड ब्लैक वेलवेट ड्रेस पर खास बनावट और 3D फ्रिंज एम्ब्रॉयडरी की गई थी।
ड्रेस के ऊपर क्रिस्टल से सजा हुआ केप डाला गया था, जिसने पूरे लुक को अलग अंदाज दिया। ऐश्वर्या ने इसके साथ क्राउन स्टाइल हेडपीस पहना था। उनके बरगंडी रंग के बाल भी उनके लुक का खास आकर्षण रहे।
रैंप पर ऐश्वर्या के साथ नजर आए कई इंटरनेशनल सितारे
इस फैशन शो में ऐश्वर्या राय के साथ कई अंतरराष्ट्रीय सितारे और लॉरियल पेरिस की एंबेसडर भी शामिल हुईं। इनमें सिमोन एशली, सेलिन डियोन, ईवा लोंगोरिया और केंडल जेनर के नाम शामिल हैं।
शो के दौरान सितारों ने रैंप पर मस्ती भी की और एक साथ डांस करते नजर आए। ऐश्वर्या राय और सेलिन डियोन का एक पल भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा, जिसमें दोनों एक-दूसरे को गले लगाती और किस करती नजर आईं। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर डांस भी किया और मंच पर हंसी-मजाक करती दिखाई दीं।
कान्स में भी दिखा था ऐश्वर्या का खास फैशन अंदाज
इस साल की शुरुआत में ऐश्वर्या राय कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी अपने अलग-अलग लुक को लेकर चर्चा में रही थीं। उन्होंने वहां ब्लू इलेक्ट्रिक गाउन के साथ रेड कार्पेट पर कदम रखा था, जिसमें सीक्वेंस वर्क किया गया था।
इसके अलावा उन्होंने स्ट्रक्चर्ड प्लंजिंग ब्लेजर और फिटेड ट्राउजर वाला व्हाइट पैंटसूट भी पहना था। फ्रेंच रिवेरा में ऐश्वर्या ने कस्टम बेबी पिंक गाउन में भी ग्लैमरस अंदाज दिखाया था। इस गाउन में हार्ट शेप की फिटेड सिल्क डिजाइन, फ्लोइंग शिफॉन केप और फूलों से जुड़ी डिटेलिंग की गई थी।
