प्रेमानंद महाराज का आश्रम फिर सवालों के घेरे में, शिष्य की मौत के बाद किशोर समेत युवती और 10 साल का बच्चा लापता; परिजन धरने पर बैठे
मथुरा: प्रेमानंद महाराज का आश्रम एक बार फिर चर्चाओं में है। शिष्य दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद अब आश्रम आने वाले 17 वर्षीय अनुज चौधरी के लापता होने का मामला सामने आया है। अनुज के परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर संत प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम के सामने धरने पर बैठे हैं। परिजनों ने आश्रम के शिष्यों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है।
आश्रम से जुड़ी अन्य गुमशुदगी की बातें भी सामने आई हैं। नोएडा से प्रेमानंद महाराज के आश्रम आई 38 वर्षीय युवती विभा के लापता होने की बात कही जा रही है। वहीं आश्रम के बाहर एक ढाबे पर काम करने वाली महिला का 10 वर्षीय बेटा भी गायब बताया गया है।
प्रेमानंद महाराज पिछले कुछ वर्षों में सोशल मीडिया और उनके सत्संगों के वीडियो के जरिए तेजी से प्रसिद्ध हुए। जनवरी 2023 में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के अपनी बेटी के साथ आश्रम पहुंचने के बाद भी उनकी चर्चा काफी बढ़ी थी। उनकी रात में होने वाली पदयात्रा में भी बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे थे और कई नामचीन हस्तियों के पहुंचने से उनकी लोकप्रियता और बढ़ी।
काफी समय से नहीं आ रहा सत्संग का नया वीडियो
प्रेमानंद महाराज के यूट्यूब चैनल पर काफी समय से सत्संग के नए वीडियो नहीं आ रहे हैं। कुछ समय पहले तक पुराने वीडियो दिखाए जा रहे थे, लेकिन अब वह भी बंद हो गए हैं। इससे पहले उनके सत्संग के वीडियो लगातार सामने आते थे और बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखते थे।
इसके अलावा पिछले कई महीनों से रात में निकलने वाली उनकी पदयात्रा भी बंद बताई जा रही है। इसी दौरान आश्रम से जुड़ी अलग-अलग गुमशुदगी की खबरें सामने आई हैं।
17 वर्षीय अनुज के परिजन आश्रम के बाहर धरने पर
प्रेमानंद महाराज के आश्रम में आए 17 वर्षीय अनुज चौधरी के लापता होने के बाद उसके परिजन राधा केलि कुंज के सामने धरने पर बैठ गए। परिवार अपने बेटे की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहा है। परिजनों का आरोप है कि आश्रम के शिष्यों की ओर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
आश्रम में सब कुछ ठीक चल रहा है या नहीं, इसको लेकर भी अलग-अलग चर्चाएं सामने आती रही हैं। कुछ समय पहले प्रेमानंद महाराज के यमुना पार आश्रम में जाने को लेकर भी चर्चाएं हुई थीं। हालांकि आश्रम की ओर से ऐसी कोई बात सामने नहीं आई, जिससे यह माना जाए कि वहां स्थिति ठीक नहीं है।
शिष्य दीपक पटेल उर्फ रसिक की मौत से भी उठे थे सवाल
पिछले दिनों प्रेमानंद महाराज के शिष्य और मूल रूप से जबलपुर निवासी दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत ने भी कई सवाल खड़े किए थे। बताया गया कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम केली कुंज के पास बने भवन में उनके शिष्य रहते हैं। इसी भवन की चौथी मंजिल से एक शिष्य के गिरने की घटना हुई थी।
उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके निजी अंग के कटे होने की बात सामने आई थी। इस घटना के बाद शिष्य की मौत को लेकर कई सवाल उठे थे और मामले की परिस्थितियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी।
आश्रम आई युवती और ढाबे पर काम करने वाली महिला का बेटा भी लापता
आश्रम से जुड़ी एक अन्य गुमशुदगी नोएडा के सेक्टर 56 निवासी उमेश सिन्हा की 38 वर्षीय बेटी विभा की है। उमेश सिन्हा के मुताबिक, उनकी बेटी 15 अगस्त को घर से संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के लिए निकली थी। वह महाराज से दीक्षा लेना चाहती थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
परिवार की ओर से नोएडा पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। बेटी की तलाश में उमेश सिन्हा मथुरा पहुंचे, लेकिन आश्रम के आसपास भी उसका पता नहीं चल सका। बेटी के नहीं मिलने से पूरा परिवार परेशान है।
इसी तरह नजफगढ़ निवासी अनीता ने अपने 10 वर्षीय बेटे वंश के लापता होने की जानकारी दी। अनीता आश्रम के बाहर स्थित एक ढाबे पर खाना बनाने का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि छह दिन पहले वह किसी काम से गांव गई थीं और बेटे को ढाबे पर ही छोड़ गई थीं। पहले भी वह अपने बेटे को ढाबा मालिक के पास छोड़कर जाती थीं, लेकिन इस बार वापस लौटने पर बेटा वहां नहीं मिला।
