Railway Recruitment 2026: रेलवे में 2008 अप्रेंटिस पदों पर बंपर भर्ती, 10वीं-ITI पास के लिए मौका; 7 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
जयपुर: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं और ITI पास उम्मीदवारों के लिए भर्ती का मौका आया है। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे (NWR) ने अप्रेंटिस के 2008 प्रशिक्षण स्लॉट के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे और उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। खास बात यह है कि चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी, बल्कि 10वीं और संबंधित ट्रेड की ITI में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
7 अक्टूबर से शुरू होगा आवेदन, 6 नवंबर है अंतिम तारीख
आरआरसी नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है।
इस भर्ती में अलग-अलग रेलवे मंडल और यूनिट के लिए विभिन्न ट्रेड में अप्रेंटिस प्रशिक्षण के अवसर दिए जाएंगे। इनमें फिटर, इलेक्ट्रीशियन, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, कारपेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट समेत कई ट्रेड शामिल हैं।
कुल 2008 अप्रेंटिस स्लॉट, अलग-अलग यूनिट में इतने पद
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे में कुल 2008 अप्रेंटिस प्रशिक्षण स्लॉट हैं। इनमें डीआरएम ऑफिस अजमेर के लिए 500, डीआरएम ऑफिस बीकानेर के लिए 524, डीआरएम ऑफिस जयपुर के लिए 580 और डीआरएम ऑफिस जोधपुर के लिए 134 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा BTC कैरिज अजमेर में 101, BTC लोको अजमेर में 69, कैरिज वर्कशॉप बीकानेर में 33 और कैरिज वर्कशॉप जोधपुर में 67 प्रशिक्षण स्लॉट हैं। सभी मंडल और यूनिट के पदों को मिलाकर अप्रेंटिस के कुल 2008 स्लॉट हैं।
अभ्यर्थी उपलब्ध विकल्पों में से केवल एक यूनिट का चयन कर सकेंगे। एक उम्मीदवार अलग-अलग यूनिट के लिए एक से अधिक आवेदन नहीं कर सकता।
10वीं में 50 फीसदी अंक और संबंधित ट्रेड की ITI जरूरी
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट यानी NTC होना चाहिए। यह प्रमाणपत्र नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (NCVT) या स्टेट काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (SCVT) से जारी होना चाहिए।
24 साल तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
उम्मीदवार की उम्र 6 नवंबर 2026 को कम से कम 15 वर्ष और अधिकतम 24 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना इसी तारीख के आधार पर की जाएगी।
आवेदन शुल्क 100 रुपये, इन वर्गों को छूट
जिन उम्मीदवारों पर आवेदन शुल्क लागू है, उन्हें 100 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। SC, ST, PwBD और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
आवेदन शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है। भुगतान के दौरान लगने वाला कोई भी ट्रांजैक्शन चार्ज उम्मीदवार को स्वयं देना होगा।
न लिखित परीक्षा होगी, न इंटरव्यू; ऐसे बनेगी मेरिट
इस भर्ती में चयन के लिए उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके लिए 10वीं और संबंधित ट्रेड की ITI में मिले अंकों का प्रतिशत लिया जाएगा।
10वीं और ITI के अंकों का साधारण औसत निकालकर उम्मीदवारों की मेरिट तैयार होगी। इसके बाद डिवीजन, यूनिट, ट्रेड और श्रेणी के अनुसार अलग-अलग मेरिट सूची बनाई जाएगी। उपलब्ध अप्रेंटिस स्लॉट के आधार पर अधिक अंक वाले उम्मीदवारों को मेरिट में ऊपर स्थान मिलेगा।
यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं, तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी। मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों को आगे दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
- सबसे पहले नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर NWR Apprentice Recruitment 2026 के रजिस्ट्रेशन लिंक को खोलें।
- नए पेज पर अपना रजिस्ट्रेशन करें और मांगी गई जानकारी दर्ज करें।
- रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आवेदन फॉर्म भरें।
- सभी जानकारी ध्यान से जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
- आवेदन जमा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।
- भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
