MP हाई कोर्ट में 418 पदों पर भर्ती का मौका! ग्रेजुएट्स के लिए स्टेनोग्राफर-असिस्टेंट की वैकेंसी, 27 अक्टूबर तक करें आवेदन

mp_high_court_1737704948599_1791302579450_Lbvk_b73bc44d-f676-4d85-a991-5dc22df66388_71PV

जबलपुर: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट अभ्यर्थियों के लिए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने बड़ी भर्ती निकाली है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट, जबलपुर ने राज्य की जिला एवं सत्र अदालतों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 और सहायक ग्रेड-3 (इंग्लिश नोइंग) के कुल 418 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार 27 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

किस पद पर कितनी वैकेंसी?

इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 418 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें शीघ्रलेखक यानी स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के 299 पद, स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के 69 पद, सहायक ग्रेड-3 (इंग्लिश नोइंग) के 30 पद और स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 (कोर्ट मैनेजर स्टाफ) के 20 पद शामिल हैं।

ग्रेजुएशन के साथ ये योग्यता जरूरी

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। इसके अलावा एमपी शासन (MAP-IT) से मान्यता प्राप्त सीपीसीटी (CPCT) स्कोरकार्ड, किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एक वर्ष का कंप्यूटर डिप्लोमा और हिंदी या अंग्रेजी स्टेनोग्राफी में 80 से 100 शब्द प्रति मिनट की स्पीड का सर्टिफिकेट भी होना चाहिए।

उम्र कितनी होनी चाहिए?

उम्मीदवार की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है। वहीं मध्य प्रदेश के OBC, SC, ST, EWS वर्ग और महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष निर्धारित की गई है।

हर महीने मिलेगी 5200-20200 रुपये की सैलरी

चयनित उम्मीदवारों को छठवें वेतनमान के अनुसार 5200-20200 रुपये और ग्रेड पे के आधार पर वेतन दिया जाएगा।

27 अक्टूबर तक आवेदन, फिर मिलेगा सुधार का मौका

ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से हुई है। आवेदन की अंतिम तारीख 27 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक है। आवेदन में किसी तरह की कमी या गलती होने पर उम्मीदवार 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक उसमें सुधार कर सकेंगे।

आवेदन शुल्क की बात करें तो अनारक्षित वर्ग और मध्य प्रदेश से बाहर के आवेदकों के लिए कुल शुल्क 943.40 रुपये है। वहीं मध्य प्रदेश के मूल निवासी OBC, SC, ST, EWS और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 743.40 रुपये का शुल्क देना होगा, जो केवल पोर्टल चार्ज के रूप में निर्धारित है।

दो चरणों में होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन दो मुख्य चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 100 अंकों की ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को 100 अंकों की मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक और पात्र उम्मीदवार मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की वेबसाइट mphc.gov.in पर जाएं। इसके बाद ‘Recruitment/Result’ सेक्शन में जाकर ‘Online Application Forms’ लिंक पर क्लिक करें। रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद मांगी गई जानकारी भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें।

 

एक नज़र