लखनऊ में 16 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला, 800 पदों पर भर्ती का मौका; कानपुर में कल 1628 नौकरियां
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। राजधानी लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में 16 अक्टूबर को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में दो बड़ी कंपनियां कुल 800 पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। वहीं कानपुर में 13 अक्टूबर को जॉब फेयर आयोजित होगा, जहां 1628 पदों पर भर्ती की जाएगी।
हीरो मोटोकॉर्प में 300 पदों पर होगी भर्ती
लखनऊ रोजगार मेले में हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड अप्रेंटिसशिप योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 300 पदों पर युवाओं का चयन करेगी।
आईटीआई अप्रेंटिस के लिए 150 पद रखे गए हैं। इनमें फिटर, टर्नर, एमएमवी, मशीनिस्ट, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। इसके लिए 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित युवाओं को 17,060 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
इसमें 50 पुरुष और 100 महिला अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 10वीं और 12वीं पास गैर-आईटीआई अभ्यर्थियों के लिए भी 150 पद उपलब्ध हैं। इन पदों पर चयनित युवाओं को हर महीने 23,321 रुपये मिलेंगे।
बैक्स एनर्जी में 500 पदों पर मिलेगा मौका
रोजगार मेले में बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड भी 500 पदों पर भर्ती करेगी। कंपनी सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
आईटीआई और बीएससी पास युवाओं को टेक्नीशियन और हेल्पर पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 17,000 रुपये मासिक सीटीसी दिया जाएगा।
अभ्यर्थी साथ लेकर आएं ये दस्तावेज
राजकीय आईटीआई अलीगंज के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खां ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे संस्थान पहुंचकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक अंकपत्र और प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और चार पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे।
कानपुर में 1628 पदों के लिए लगेगा रोजगार मेला
कानपुर में 13 अक्टूबर को विकास नगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत होने वाले इस मेले में फ्रेशर्स के साथ-साथ पांच साल तक अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे।
इस बार सबसे ज्यादा अवसर फैक्ट्री और सिक्योरिटी सेक्टर में दिए जा रहे हैं। मेले में मशीन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, अप्रेंटिस, सेल्स और तकनीकी पदों पर भर्ती होगी।
कानपुर रोजगार मेले में इन पदों पर भर्ती
मशीन ऑपरेटर के 300 पद, सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सर्विसेज के 390 पद, असेंबली ऑपरेटर के 300 पद और सिक्योरिटी गार्ड के अन्य पदों पर बड़ी संख्या में भर्तियां होंगी।
इसके अलावा हेल्पर के 20, वेलनेस एडवाइजर के 50, लोन एडवाइजर टेली कॉलिंग फील्ड ऑफिसर के 70, मशीन ऑपरेटर के 50, अप्रेंटिस ट्रेनी के 100, इंश्योरेंस एडवाइजर के 55, एयरटेल फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव के 150, एटीएम ऑफिसर के 50, सेल्स एंड मार्केटिंग रिप्रजेंटेटिव के 20 और कंस्ट्रक्शन अप्रेंटिस के 123 पद शामिल हैं।
