सीएम योगी आज किसानों को देंगे 483 करोड़ रुपये की राहत, 9 लाख से ज्यादा अन्नदाताओं के खाते में पहुंचेगी फसल क्षति सहायता
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों को बड़ी राहत देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कृषि निवेश अनुदान के तहत 483 करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजेंगे। इस राशि से मौसम की मार झेल चुके 9 लाख 18 हजार 91 किसानों को लाभ मिलेगा।
गोरखपुर से डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी राशि
किसानों को यह सहायता राशि सीधे डीबीटी माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों को फसल नुकसान की भरपाई के लिए कृषि निवेश अनुदान जारी करेंगे।
बाढ़ और बारिश से फसलों को हुआ भारी नुकसान
पिछले डेढ़ महीने के दौरान उत्तर प्रदेश में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, चक्रवात और बाढ़ के कारण किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में आए अर्नव चक्रवात से भी कई क्षेत्रों में फसलों को भारी क्षति पहुंची थी।
राहत आयुक्त के अनुसार, वर्तमान वित्तीय वर्ष की शुरुआत से 9 अक्टूबर तक ऐसे 9 लाख 18 हजार 91 किसानों की पहचान की गई है, जिनकी फसलें प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हुई हैं।
पहले ही 1.29 लाख किसानों को मिल चुकी है सहायता
राहत आयुक्त डॉ. हरिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि फसल नुकसान के शुरुआती आकलन के आधार पर जिलों को 169 करोड़ रुपये कृषि निवेश अनुदान के रूप में पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
अब तक 1 लाख 29 हजार 326 किसानों को फसल क्षतिपूर्ति के तौर पर 78.75 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति से प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता वितरित की गई है।
किसानों के आवेदनों पर तेजी से कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सितंबर और अक्टूबर में आए चक्रवाती तूफान, तेज आंधी और भारी बारिश से किसानों को हुए नुकसान को गंभीरता से लिया है। उन्होंने वन विभाग और उत्तर प्रदेश वन निगम को निर्देश दिए हैं कि किसानों के आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
सीएम ने कहा है कि राहत प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।
गिरे पेड़ों के निस्तारण में किसानों को नहीं होगी परेशानी
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों, प्रभागीय वन अधिकारियों और उत्तर प्रदेश वन निगम को निर्देश दिया है कि किसानों की निजी भूमि पर गिरे पेड़ों का नियमानुसार जल्द निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि गिरे हुए पेड़ों की लकड़ी के परिवहन और निस्तारण के लिए जरूरी ट्रांजिट परमिट प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएं, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सड़कों पर गिरे पेड़ तुरंत हटाने के निर्देश
तेज आंधी और तूफान के कारण सार्वजनिक मार्गों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाए और किसानों को किसी तरह की आर्थिक या मानसिक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
सरकार किसानों के साथ खड़ी है: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
