यूपी के बिजली उपभोक्ताओं की बल्ले-बल्ले! नवंबर में मिलेगी 9.17% की सबसे बड़ी छूट, घटकर आएगा बिजली बिल
गोरखपुर: दिवाली के महीने में उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। बिजली निगम नवंबर में बिजली बिल पर 9.17 फीसदी की छूट देने जा रहा है। पिछले चार महीनों से लगातार मिल रही राहत के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी छूट होगी। खास बात यह है कि इसका फायदा घरेलू, व्यावसायिक और अन्य सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को मिलेगा।
पांच महीने से लगातार मिल रही बिजली बिल में राहत
बिजली निगम की ओर से ईंधन और बिजली खरीद समायोजन अधिभार (एफपीएएएस) के तहत उपभोक्ताओं को यह छूट दी जा रही है। इसके जरिए बिजली खरीद और ईंधन की वास्तविक लागत निर्धारित लागत से कम होने पर बचत का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता है।
इससे पहले जुलाई में बिजली बिल पर 4.43 फीसदी, अगस्त में 2.92 फीसदी, सितंबर में 7.93 फीसदी और अक्टूबर में 5.24 फीसदी की छूट दी गई थी। अब नवंबर में यह राहत बढ़कर 9.17 फीसदी हो गई है। इस तरह लगातार पांचवें महीने उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने वाली है।
बिजली खरीद की लागत कम होने का मिलेगा फायदा
बिजली निगम के अधिकारियों के मुताबिक, बिजली खरीद और ईंधन की लागत का बेहतर प्रबंधन करने से उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचाया जा रहा है। वितरण जोन प्रथम के मुख्य अभियंता लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि बिजली खरीद की लागत के प्रभावी प्रबंधन से मिलने वाली राहत उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जा रही है। निगम उपभोक्ता सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
दिवाली पर गांव से शहर तक 24 घंटे मिलेगी बिजली
नवंबर में उपभोक्ताओं को बिल में छूट के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति का भी लाभ मिलेगा। त्योहारों को देखते हुए गांवों और शहरों में 24 घंटे बिजली देने के निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, पावर कॉरपोरेशन ने आठ अक्टूबर से ही प्रदेश के ग्रामीण और शहरी इलाकों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति शुरू कर दी थी।
यह व्यवस्था अब तक जारी है और छठ पर्व तक इसी तरह बिजली मिलने की उम्मीद है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों को औसतन 22 घंटे बिजली मिली थी, जबकि इस साल अक्टूबर में अब तक औसत आपूर्ति बढ़कर 23 घंटे 30 मिनट रही है।
गोरखपुर के नौ लाख उपभोक्ताओं को भी होगा फायदा
बिजली बिल में मिलने वाली इस छूट का लाभ अकेले गोरखपुर जिले के करीब नौ लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसमें घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ता शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि दिवाली के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि त्योहार के समय लोगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
