बिजनौर में आस्था और जिज्ञासा का अनोखा संगम: चार दिन से हनुमान प्रतिमा की परिक्रमा करता दिखा कुत्ता, एक्सपर्ट ने बताया क्या है कारण

dog-parikrama-2026-01-14-04-42-03

बिजनौर। जिले के नंदपुर गांव में इन दिनों एक अनोखी घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव के मंदिर परिसर में पिछले चार दिनों से एक कुत्ता लगातार हनुमान जी की प्रतिमा की परिक्रमा करता नजर आ रहा है। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच रहे हैं। कुत्ते की यह गतिविधि लोगों में आस्था और हैरानी दोनों जगा रही है, वहीं इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में भंडारे की तैयारी भी शुरू कर दी है।

करीब 200 साल पुराने मंदिर में दिखा अनोखा दृश्य
बढ़ापुर रोड पर स्थित नंदपुर गांव के अंतिम छोर पर नंदलाल देवता महाराज का करीब 200 वर्ष से अधिक पुराना मंदिर है। मंदिर की देखरेख करने वाले तुषार सैनी के अनुसार, रविवार दोपहर एक कुत्ता मंदिर के आसपास दिखाई दिया। सोमवार तड़के जब साफ-सफाई की जा रही थी, तभी देखा गया कि कुत्ता मंदिर परिसर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति की लगातार परिक्रमा कर रहा है। उसे वहां से हटाने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह वहीं बना रहा और परिक्रमा करता रहा। गुरुवार को चौथे दिन भी कुत्ते का यही व्यवहार जारी रहा।

दूध-रोटी भी नहीं खा रहा था कुत्ता
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुत्ते के लिए दूध और रोटी रखी गई, लेकिन उसने शुरुआत में कुछ भी नहीं खाया। बुधवार देर शाम पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रजनीश कुमार के नेतृत्व में पशु चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची और कुत्ते की जांच की। जांच के दौरान कुत्ता शारीरिक रूप से स्वस्थ पाया गया और उसमें रेबीज के कोई लक्षण नहीं मिले।

फ्रंट ब्रेन डिसऑर्डर की जताई जा रही आशंका
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि कुत्ते में फ्रंट ब्रेन डिसऑर्डर की संभावना हो सकती है। इस स्थिति में जानवर बार-बार एक जैसी क्रिया करता रहता है। वास्तविक कारण का पता एमआरआइ जांच के बाद ही चल सकेगा। तुषार सैनी के अनुसार, तीसरे दिन कुत्ते ने कुछ देर आराम करने के बाद दूध पिया और फिर दोबारा हनुमान प्रतिमा की परिक्रमा शुरू कर दी। इसे लेकर आसपास के लोगों में कौतूहल और श्रद्धा दोनों का माहौल बना हुआ है।

क्या होता है फ्रंट ब्रेन डिसऑर्डर
कुत्तों में फ्रंट ब्रेन डिसऑर्डर यानी अग्र मस्तिष्क विकार मस्तिष्क के अगले हिस्से को प्रभावित करता है। इसमें भ्रम, दौरे या चोट जैसी समस्याएं शामिल हो सकती हैं, जिससे जानवर के व्यवहार और संतुलन में बदलाव आ जाता है। ऐसे मामलों में कुत्ता दिशाहीन होकर गोल-गोल घूम सकता है या उसके स्वभाव में असामान्य परिवर्तन दिखाई दे सकता है। सही कारण जानने के लिए एमआरआइ, सीटी स्कैन जैसे परीक्षण किए जाते हैं और रिपोर्ट के आधार पर उपचार किया जाता है।

 

एक नज़र