आंखों के आसपास दिख रहे पीले धब्बे कहीं हार्ट की चेतावनी तो नहीं? जानिए एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं
आंखों के आसपास पीले धब्बे आपने कई लोगों में देखे होंगे, खासकर बढ़ती उम्र के साथ यह समस्या ज्यादा नजर आती है। अक्सर लोग इसे सिर्फ स्किन से जुड़ी दिक्कत मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह शरीर के अंदर चल रही किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि आंखों के पास दिखने वाले ये पीले पैच केवल सौंदर्य से जुड़ी समस्या नहीं, बल्कि हार्ट हेल्थ से भी गहरा कनेक्शन रखते हैं।
क्या होते हैं आंखों के आसपास पीले धब्बे
दिल्ली के राजीव गांधी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग में कार्यरत डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि आंखों के आसपास दिखाई देने वाले पीले धब्बों को मेडिकल भाषा में ज़ैंथेलाज़्मा कहा जाता है। ये दरअसल त्वचा के नीचे जमा हुआ कोलेस्ट्रॉल होता है, जो आंखों की पलकों के आसपास नजर आने लगता है।
शरीर में किस गड़बड़ी का संकेत है ज़ैंथेलाज़्मा
डॉ. जैन के अनुसार, ज़ैंथेलाज़्मा का मतलब है कि शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ रहा है। कई मामलों में यह लिपिड प्रोफाइल के बिगड़ने का संकेत होता है। यह स्थिति दिल के लिए खतरनाक हो सकती है, क्योंकि हाई कोलेस्ट्रॉल हार्ट डिजीज और हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ा देता है। इसलिए आंखों के पास पीले धब्बों को सिर्फ स्किन प्रॉब्लम समझकर नजरअंदाज करना सही नहीं है।
पीले धब्बे दिखें तो क्या करें
एक्सपर्ट्स की सलाह है कि आंखों के आसपास पीले पैच नजर आते ही सबसे पहले डॉक्टर की सलाह पर लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराना चाहिए। खासतौर पर 40 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए यह टेस्ट बेहद जरूरी है। अगर रिपोर्ट में कोलेस्ट्रॉल का स्तर अधिक आता है, तो समय रहते खानपान में बदलाव और दवाओं के जरिए इसे कंट्रोल किया जा सकता है।
क्या ज़ैंथेलाज़्मा खतरनाक बीमारी है
डॉ. जैन बताते हैं कि ज़ैंथेलाज़्मा खुद कोई जानलेवा बीमारी नहीं है, लेकिन यह हार्ट से जुड़ी गंभीर समस्याओं का संकेत जरूर हो सकता है। कई रिसर्च में सामने आया है कि जिन लोगों में यह समस्या होती है, उनमें भविष्य में हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए इसे हल्के में लेना नुकसानदेह हो सकता है।
इलाज और बचाव के उपाय
लिपिड प्रोफाइल टेस्ट जरूर कराएं
डायबिटीज की जांच भी करवाएं
डाइट में तेल और तली-भुनी चीजें कम करें
रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज करें
अगर लिपिड प्रोफाइल नॉर्मल है, तो स्किन स्पेशलिस्ट से सलाह लें
