नेपाल चुनाव में बालेन शाह की आंधी, RSP 86 सीटों पर सबसे आगे; ओली सिंगल डिजिट में सिमटे
नई दिल्ली। नेपाल में गुरुवार को हुए आम चुनाव की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में रैपर से राजनेता बने बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने धमाकेदार बढ़त बनाई है। अब तक सामने आए 112 सीटों में से 86 सीटों पर RSP सबसे आगे चल रही है, जबकि नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी बेहद पीछे दिख रही है।
मतगणना की प्रक्रिया और भागीदारी
नेपाल चुनाव आयोग ने कहा है कि 165 सीटों (एफपीटीपी) के परिणाम सीधे जारी किए गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में मतपेटियों को इकट्ठा करके मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में कम से कम एक दिन लग जाता है, इसलिए बाकी सीटों के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे। गुरुवार को हुए चुनाव में लगभग 60 प्रतिशत योग्य मतदाताओं ने मतदान किया। इस चुनाव में 65 पार्टियों के 3,400 से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे।
आरएसपी ने बढ़त बनाई, कांग्रेस और ओली पिछड़े
प्रारंभिक रुझानों के अनुसार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी 86 सीटों पर सबसे आगे है। नेपाली कांग्रेस 9 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल 3 सीटों पर और श्रम शक्ति पार्टी 1 सीट पर आगे चल रही है। आरएसपी ने झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 5 में भी शुरुआती मतगणना में बढ़त बनाई। कमल ग्रामीण नगरपालिका के बसबारी स्कूल मतदान केंद्र और गौरादहा ग्रामीण नगरपालिका के मोती स्कूल मतदान केंद्र में डाले गए 1,400 मतों में से बालेन शाह को 814 वोट मिले, जबकि ओली को 384 वोट मिले।
बालेन शाह की पार्टी बहुमत के करीब
Gen-Z के नेता बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी शुरुआती रुझानों में बहुमत के करीब दिख रही है। अभी केवल 112 सीटों का रुझान सामने आया है, लेकिन 86 सीटों पर RSP सबसे आगे है। इसके विपरीत, भारत विरोधी ओली और उनकी पार्टियों का प्रदर्शन बेहद कमजोर नजर आ रहा है और वे सिंगल डिजिट में सिमटते दिखाई दे रहे हैं।
