NZ vs SA 5वें T20I से न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, टॉम लैथम बाहर, टॉम ब्लंडेल बने कवर खिलाड़ी
न्यूजीलैंड: न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही पांच मैचों की T20 सीरीज का निर्णायक मुकाबला 25 मार्च को खेला जाएगा। हालांकि, कीवी टीम को इस मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज टॉम लैथम बाएं हाथ के अंगूठे में चोट के कारण पांचवें टी20 से बाहर हो गए हैं। यह वही चोट है जिसकी वजह से वह चौथे मैच में भी खेल नहीं पाए थे।
लैथम की चोट और टीम पर असर
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जानकारी दी कि स्कैन के बाद लैथम के अंगूठे में हल्का फ्रैक्चर पाया गया है। मेडिकल टीम के अनुसार, उनकी रिकवरी में दो से तीन हफ्ते का समय लगेगा। इस चोट के कारण नियमित कप्तान मिचेल सैंटनर की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी टॉम लैथम के बजाय चौथे और पांचवें मैच में जेम्स नीशम संभालेंगे।
तीसरे टी20 में खेली मैच विनिंग पारी
ईडन पार्क में खेले गए तीसरे टी20 मैच में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज नकोबानी मोकोएना की गेंद टॉम लैथम के अंगूठे पर लगी थी। इसके बावजूद लैथम ने नाबाद 63 रनों की मैच विनिंग पारी खेलकर न्यूजीलैंड को आठ विकेट से जीत दिलाई। मैच के बाद क्राइस्टचर्च में स्कैन कराए जाने पर फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
सीरीज 2-2 की बराबरी पर
फिलहाल पांच मैचों की T20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। पहले मैच में साउथ अफ्रीका ने जीत दर्ज की थी। दूसरे और तीसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बाजी मारी थी। चौथे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 164 रन बनाए, लेकिन न्यूजीलैंड पूरी टीम 145 रन पर ऑलआउट हो गई। अब पांचवें और निर्णायक मुकाबले में जो टीम जीतेगी वही सीरीज अपने नाम करेगी।
टीम में बदलाव
लैथम की जगह टॉम ब्लंडेल को टीम में कवर खिलाड़ी के रूप में रखा गया है। इस बदलाव के साथ कीवी टीम निर्णायक मुकाबले के लिए तैयार है, लेकिन टॉम लैथम की गैरमौजूदगी टीम के लिए चुनौती बन सकती है।
