योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला: गेहूं MSP में ₹160 की बढ़ोतरी, 30 मार्च से शुरू होगी खरीद प्रक्रिया

yogi-adityanath-pti-1774253562

उत्तर प्रदेश में किसानों को बड़ी राहत देते हुए योगी कैबिनेट ने अहम फैसला लिया है। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने सोमवार को जानकारी दी कि राज्य में गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में ₹160 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार, इस साल गेहूं का एमएसपी ₹2585 प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और उनकी आय में इजाफा होगा।

30 मार्च से शुरू होकर 15 जून तक चलेगी खरीद
राज्य में गेहूं खरीद का अभियान 30 मार्च 2026 से शुरू होगा, जो 15 जून 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी 75 जिलों में लगभग 6500 क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

8 एजेंसियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
सरकार ने खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 8 एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें एफसीआई, यूपी मंडी परिषद, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, नैफेड और एनसीसीएफ शामिल हैं। इन एजेंसियों के माध्यम से किसानों से सीधे गेहूं की खरीद की जाएगी।

कैबिनेट बैठक में 35 प्रस्तावों को मंजूरी
सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 35 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में राज्य की दिशा को लेकर भी अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से एआई तकनीक को अपना रहा है।

₹25,000 करोड़ के निवेश से बनेंगे AI पार्क और यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि Puch AI के साथ ₹25,000 करोड़ के समझौते के तहत राज्य में एआई पार्क, बड़े डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई कॉमन्स और एक एआई यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी। इससे शासन व्यवस्था मजबूत होगी, सुधारों को गति मिलेगी और युवाओं के लिए भविष्य के नए अवसर तैयार होंगे।

 

एक नज़र