बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट जारी: 85.19% छात्र पास, आर्ट्स- कॉमर्स में बेटियों का दबदबा, साइंस में आदित्य बने टॉपर
बिहार बोर्ड ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। परिणाम की घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की गई, जिसमें इस वर्ष कुल 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए। आंकड़ों के अनुसार, लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 86.23% पास प्रतिशत दर्ज किया, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 84.09% रहा।
टॉपर्स की सूची में लड़कियों का दबदबा
इस साल इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 26 छात्रों ने टॉप किया, जिनमें से 19 छात्राएं हैं। आर्ट्स और कॉमर्स स्ट्रीम में लड़कियों ने बाजी मारी, जबकि साइंस स्ट्रीम में एक छात्र ने पहला स्थान हासिल किया।
तीनों स्ट्रीम के टॉपर्स कौन रहे
साइंस स्ट्रीम में आदित्य प्रकाश अमन ने 96.20% अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। आर्ट्स स्ट्रीम में निशु कुमारी 95.80% के साथ टॉपर रहीं, जबकि कॉमर्स स्ट्रीम में अदिति कुमारी ने 96.00% अंक लाकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
साइंस स्ट्रीम टॉपर्स
साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर साक्षी कुमारी और सपना कुमार रहीं। तीसरे स्थान पर अनामिका कुमारी, चौथे पर सत्यम कुमार और पांचवें स्थान पर पलक कुमारी ने जगह बनाई।
आर्ट्स स्ट्रीम टॉपर्स
आर्ट्स में निशु कुमारी पहले स्थान पर रहीं। दूसरे स्थान पर सिद्धि शिखा, चंद्रदीप कुमार और एमडी लकी अंसार रहे। तीसरे स्थान पर नसरीन प्रवीण, साजिया अंसारी, निसु कुमारी और आदर्श ने स्थान पाया। चौथे स्थान पर अमृता कुमार और स्वीटी कुमारी रहीं, जबकि पांचवें स्थान पर बीबी असराना, रौशनी कुमारी और मनीष कुमार शामिल हैं।
कॉमर्स स्ट्रीम टॉपर्स
कॉमर्स में अदिति कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर माही कुमारी रहीं। तीसरे स्थान पर निशिका श्री, चौथे स्थान पर मानवी कुमारी और श्रेया कुमारी रहीं। पांचवें स्थान पर वरीशा नौशाद और हर्षिका ने जगह बनाई।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए छात्र सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होमपेज पर 12वीं रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें। यहां अपना रोल नंबर और रोल कोड दर्ज करें। जानकारी सबमिट करते ही स्क्रीन पर परिणाम प्रदर्शित हो जाएगा। छात्र इसे डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के लिए प्रिंटआउट भी ले सकते हैं।
