CM जनता दर्शन: ‘बेफिक्र होकर कराओ इलाज’, योगी बोले- सरकार देगी पूरी आर्थिक मदद
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे फरियादियों को भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा, “बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में उपचार कराएं, सरकार पूरी आर्थिक मदद करेगी।”
करीब 150 लोगों से मिले CM योगी
होलिकोत्सव के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को भी घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करें।
गंभीर बीमारियों के लिए विवेकाधीन कोष से मदद
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। एक व्यक्ति ने गुर्दे की बीमारी के इलाज में आर्थिक तंगी की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री ने पहले उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली। कार्ड न होने पर उन्होंने आश्वासन दिया कि इलाज के लिए पर्याप्त सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहायता के लिए आए मामलों का शीघ्र मूल्यांकन कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि समय पर धनराशि जारी हो सके।
संवेदनशीलता के साथ समाधान के निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उसकी समस्या का गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति इलाज या अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए दर-दर न भटके।
