‘धुरंधर 2’ के बाद आएगी ‘धुरंधर 3’? क्लाइमैक्स को लेकर निर्देशक का बड़ा संकेत, बढ़ी फैंस की उत्सुकता
नई दिल्ली। एक्शन और सस्पेंस से भरपूर फिल्म ‘धुरंधर: द रीवेंज’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े सितारे नजर आ रहे हैं, वहीं निर्देशक आदित्य धर के एक बयान ने कहानी को लेकर नया रोमांच पैदा कर दिया है।
फैंस के लिए भावुक संदेश, जताया आभार
फिल्म की रिलीज से ठीक पहले निर्देशक आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने फैंस को ‘धुरंधर फैमिली’ बताते हुए पिछली फिल्म को मिले प्यार के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि दर्शकों ने फिल्म की हर छोटी-छोटी बारीकी को समझा और सराहा, जो किसी भी फिल्ममेकर के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस सीक्वल को बनाने में पूरी टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की है।
क्लाइमैक्स में छिपा बड़ा राज, तीसरे पार्ट का संकेत
आदित्य धर के पोस्ट का सबसे अहम हिस्सा अंत में आया, जहां उन्होंने दर्शकों से अपील की कि फिल्म खत्म होने के बाद भी क्रेडिट्स खत्म होने तक सीट से न उठें। इस बयान को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म में पोस्ट-क्रेडिट सीन है, जो सीधे तौर पर ‘धुरंधर 3’ की कहानी की ओर इशारा करेगा। यही वजह है कि फैंस के बीच अब तीसरे पार्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्पोइलर न देने की अपील
निर्देशक ने दर्शकों से खास अपील करते हुए कहा कि फिल्म से जुड़े किसी भी तरह के स्पोइलर साझा न करें। उन्होंने कहा कि हर दर्शक को थिएटर में जाकर सस्पेंस और रोमांच का पूरा अनुभव मिलना चाहिए। आदित्य धर ने यह भी कहा कि फिल्म का असली मजा बड़े पर्दे पर ही आता है, जहां दर्शक कहानी को पूरी तरह महसूस कर पाते हैं।
रिकॉर्ड तोड़ सकती है फिल्म
फिल्म को लेकर बन रहे माहौल को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि ‘धुरंधर: द रीवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना सकती है। रणवीर सिंह का एक्शन अवतार और निर्देशक का विजन दर्शकों को आकर्षित कर रहा है, जिससे फिल्म की कमाई को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
